आदिवासी नृत्य, बंजारी नृत्य तथा पुलवामा अटैक पर आधारित नाट्य ने जगाई देशभक्ति की अलख
गणतंत्र दिवस की संध्या पर नगर निगम आडिटोरियम में भारत पर्व का हुआ आयोजन
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किया गया पुरस्कृत
(कटनी)- गणतंत्र दिवस की संध्या पर लोकतंत्र के लोक पर्व पर भारत पर्व का आयोजन नगर निगम के बस स्टैंड आडिटोरियम में किया गया। जिसमें स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, बंजारी सामूहिक नृत्य, रानी लक्ष्मी बाई पर आधारित नाटय सहित देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के ब्राण्ड एम्बेस्डर आशुतोष मानके द्वारा घरों से निकलनें वाले कचरे के प्रकारों की जानकारी दी जाकर कचरा वाहन मे अलग-अलग देकर नगर को साफ एवं स्वच्छ रखनें की अपील की गई।
कार्यक्रम में कलेक्टर अवि प्रसाद, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन, सीईओ जिला पंचायत शिशिर गेमावत, अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर साधना परस्ते सहित अन्य अधिकारियों की मौजूद थीं। मां सरस्वती के पूजन के बाद भोपाल से आए तापस कुमार गुहा द्वारा हम उस देश के वासी है जिस देश में गंगा बहती है देशभक्ति गीत की मनमोहक प्रस्तुति से भारत पर्व का शुभारंभ हुआ।
आसरा एवं आशा बाल किरण कें स्थानीय बच्चों द्वारा हाथ में तिरंगा झंडा लेकर मॉ तुझे सलाम गीत पर शानदार प्रस्तुति दी। बरगवां पोस्ट मेट्रिक आदिवासी छात्रावास की छात्राओं द्वारा आदिवासी नृत्य का मंचन किया गया। तिलक कॉलेज की छात्राओं द्वारा वंदे मातरम गीत पर सामूहिक देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुति दी जिसकी लोगों ने जमकर सराहना की। इस दौरान जम्मू काश्मीर के पुलवामा में हुए हमले को लेकर भी शानदार प्रस्तुति दी गई। इस दौरान एक से बढकर एक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम का शमा बांधे रखा। कार्यक्रम के अंत में जबलुपर के मदन गोपाल की अगुवाई में 12 सदस्यीय दल द्वारा स्वतंत्रता पर आधारित बंजारी नृत्य प्रस्तुत किया जाकर महारानी लक्ष्मी बाई द्वारा देश की रक्षा के प्रति समर्पण एवं वीरता पूर्वक अंग्रेजों से सामना करनें संबंधित नाटिका का मंचन किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात कलेक्टर अवि प्रसाद, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन, जिला पंचायत के सी.ई.ओ शिशिर गेमावत, ए.डी.एम रोमानुस टोप्पो द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नि-क्षय मित्र एवं नि-क्षय पोषण की बांण्ड एंबेस्डर मीनाक्षी क्षत्रीय, स्वच्छता ब्रांड एम्बेडर अशुतोष मानके सहित गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम के अवसर पर ऑनलाईन वोटिंग के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
विकास की झलक प्रदर्शनी का शुभारंभ
लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी प्रदर्शनी
कलेक्टर अवि प्रसाद ने बस स्टैण्ड स्थित ऑडिटोरियम में राज्य शासन की जन हितैषी योजनाओं और कार्यक्रमों की झलक प्रदर्शित करती विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री कन्या विवाह या निकाह योजना, आयुष्मान भारत निरामय मध्यप्रदेश, विदेश मे अध्ययन हेतु छात्रवृत्ति योजना, पीएम स्वनिधि योजना ,प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण), लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, शंकर शाह पुरस्कार एवं रानी दुर्गावती पुरस्कार जैसी योजनाओं की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

