कलेक्टर के निर्देश के बाद ग्राम अमाडी और कूड़ो में बहाल हुई विद्युत आपूर्ति
विभिन्न स्रोतों से प्राप्त खबर पर लिया संज्ञान
(कटनी)- विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों और विभिन्न स्रोतों से प्राप्त खबरों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा इसकी विस्तृत जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए थे। कलेक्टर श्री प्रसाद के द्वारा दिए गए निर्देश के परिपालन में विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा जांच कर कार्यवाही करते हुए विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी है। जिससे ग्रामीणों में खासी राहत देखी जा रही है। ग्रामीणों में कलेक्टर की इस त्वरित कार्यवाही कराए जाने पर आभार ज्ञापित किया है।
अमाडी में प्रारंभ हुई विद्युत आपूर्ति
बाकल विद्युत वितरण केन्द्र अंतर्गत आने वाले ग्राम अमाडी में विद्युत आपूर्ति बंद होने से लोगों को हो रही परेशानी से संबंधित एक शिकायत कलेक्टर अवि प्रसाद को प्राप्त हुई थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री प्रसाद ने कार्यपालन अभियंता मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कटनी को जांच कर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए। जांच में यह तथ्य आया गया कि ग्राम अमाडी में स्थापित घरेलू ट्रांसफार्मर से संबंधित सभी उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत देयकों का भुगतान नहीं किया गया था, जिसकी वजह से विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई थी। कलेक्टर के निर्देश पर उपभोक्ताओं से नियमानुसार बकाया देयकों का 10 फीसदी भुगतान करा कर विद्युत आपूर्ति पुनः प्रारंभ कर दी गई है।
बदला गया ग्राम कूड़ो का ट्रांसफार्मर
वहीं दूसरी और जनपद पंचायत कटनी के करीब एक दर्जन गांवों में ट्रांसफार्मर बंद पड़े होने से संबंधित समाचार प्रकाशित होने पर कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा इसे संज्ञान में लेते हुए इसकी जांच कर उचित कार्यवाही के निर्देश कार्यपालन अभियंता को दिए थे। जांच में ग्राम कूड़ो में 25 केवी का ट्रांसफार्मर पूर्व से खराब मिलने पर नियमानुसार ट्रांसफार्मर बदल कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
