किसान को फसल बीमा राशि दिलाने शासन को लिखा जायेगा पत्र
स्थानीय समाधान दौरान कलेक्टर ने उप संचालक कृषि विभाग को दिए निर्देश
(कटनी) – किसान को फसल बीमा की राशि नहीं मिलने से संबंधित एक सीएम हेल्प लाइन में की गई शिकायत के स्थानीय समाधान दौरान कलेक्टर अवि प्रसाद ने इस प्रकरण में शासन को पत्र लिखकर समस्या का समाधान कराए जाने संबधी निर्देश उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग को दिए हैं।
ग्राम बडखेरा भरदा विकासखंड बहोरीबंद निवासी राजकुमार जैसवाल ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 फसल बीमा दावा के तहत धान की फसल की बीमा प्रीमियम की राशि जमा हुई थी। लेकिन इसके बाद भी उसे उसके कुल रकवा साढ़े सात एकड़ पर फसल बीमा का लाभ नहीं दिया जा रहा है। इस शिकायत के संबंध में विस्तार से जानकारी लेने के बाद कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग को अर्धशासकीय पत्र कलेक्टर के माध्यम से शासन स्तर पर लेख किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
