नगर पंचायत बरही के सी.एम.ओ और उपयंत्री को कलेक्टर ने थमाया कारण बताओ नोटिस

Advertisement

70 लाख के सड़क निर्माण कार्य में घोर अनियमितता पाए जाने की कराई थी जांच

(कटनी) –  नगर पंचायत बरही क्षेत्र अंतर्गत 70 लाख की लागत से बरही नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में घोर अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पंचायत बरही और हिमांशु गौतम उपयंत्री नगर पंचायत बरही को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा अधिकारी द्वय से 7 दिवस के अंदर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं तथा जवाब संतोषजनक न होने पर नियमानुसार कार्यवाही करने की चेतावनी दी है।

खबर पर संज्ञान लेकर कराई जांच

बरही नगर पंचायत द्वारा बनवाई जा रही 70 लाख की सड़क में भ्रष्टाचार किए जाने से संबंधित खबर प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा संज्ञान लेते हुए इसकी जांच कराई गई थी। जांच दौरान निर्माण कार्य में कई कमियां पाई गई थी।

इन अनियमितताओं पर मांगा जवाब

निर्माणाधीन सड़क में निडल वाइब्रेटर का इस्तेमाल न किए जाने, स्वीकृत प्राक्कलन अनुरूप कार्य न किए जाने, निर्धारित मानक अनुसार निर्माण सामग्री का इस्तेमाल न किए जाने पर जवाब मांगा गया है। साथ ही निर्माण कार्य दौरान तकनीकी कर्मचारी या स्वयं उपयंत्री के उपस्थित न रहने साथ ही नियमानुसार निर्माण ठेकेदार के इंजीनियर के भी मौके पर उपस्थित न रहने का भी कारण पूछा गया है। कार्य की गुणवत्ता जांच के लिए क्यूब या कोर टेस्ट नहीं कराए जाने और गुणवत्ता युक्त कार्य न कराए जाने पर भी संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी और उपयंत्री से जवाब तलब किया गया है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें