श्रमिक एकता को तोड़कर अपना स्वार्थ सिद्ध करने वालों को दे मुंह तोड़ जवाब – अध्यक्ष गणेश राव
(कैमोर) ए.सी.सी सीमेंट कंपनी गेट पर कैमोर सीमेंट एवं खदान कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ) के द्वारा गेट मीटिंग आयोजित की गई। गेट मीटिंग में परमानेंट एवं ठेका श्रमिकों को वेज बोर्ड मीटिंग में हुई कार्यवाही की विस्तृत जानकारी देते हुए संघ के महामंत्री मुकेश गौतम ने उद्योग में हो रहे श्रम कानूनों के उल्लंघन में गंभीर चिंता जताई । संघ के अध्यक्ष गणेश राव ने वर्तमान समय में मजदूरों के बीच व्याप्त भय के वातावरण से निकल कर मजदूर एकता के महत्व को बताते हुए सभी श्रमिकों को एक जुट होकर श्रमिक एकता को तोड़कर अपना स्वार्थ सिद्ध करने वालों एवं मैनेजमेंट की नादिरशाही के विरूद्ध मुंह तोड़ जवाब देने का आव्हान श्रमिकों से किया ।
काफी लंबे अंतराल में मजदूर हित की गेट मीटिंग में श्रमिकों में उत्साह नजर आया । श्रमिकों ने मजदूर हित में गगनचुंबी नारे लगाए । आयोजित की गई गेट मीटिंग को कार्यकारी अध्यक्ष संजय सिंह, उपाध्यक्ष प्रमोद शुक्ला ने संबोधित किया एवं मीटिंग का आभार प्रदर्शन रोहित शर्मा ने किया।
