विजयराघवगढ़ महोत्सव का हुआ आगाज, एक माह तक होंगे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन भूमिपूजन में पहुंचे युवराज स्वामी बद्री प्रपन्नाचार्य
(विजयराघवगढ) विजयराघवगढ़ में 15 मई से 15 जून तक आयोजित होने वाले महोत्सव का आगाज बुधवार को हुआ। युवराज स्वामी बद्री प्रपन्नाचार्य जी की उपस्थिति में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रों के बीच भूमि पूजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति थी। उल्लेखनीय है कि महानदी के तट पर स्थित राजा पहाड़ में 108 फीट ऊंची भगवान परशुराम की प्रतिमा विधायक संजय सत्येंद्र पाठक द्वारा स्थापित कराई जाएगी। इसी तारतम्य में स्टेडियम के सामने विशाल मैदान में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का क्रम जारी होगा।
संतों का होगा समागम
यहां एक माह तक मेले का आयोजन भी होगा। खास बात यह है की इस आयोजन में महान संतों का सान्निध्य सभी को प्राप्त होगा। इसके अलावा यहां मनोरंजक कार्यक्रम होंगे। बुधवार को इस कार्यक्रम की शुरुआत भूमिपूजन और ध्वजारोहण के साथ हुआ।

घर घर से एकत्र होंगी धातुएं
आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री पाठक ने कहा की यह वृहद कार्यक्रम सभी के सहयोग से सफल होगा। उन्होंने सबसे यह भी अपील किया की भगवान परशुराम की प्रतिमा निर्माण के लिए घर घर से धातुओं का संग्रह किया जाएगा जिसमें सभी अपना सहयोग प्रदान करें।
18 माह का लगेगा समय
विधायक श्री पाठक ने बताया की विशाल प्रतिमा निर्माण में लगभग एक वर्ष का समय लगेगा। इसके बाद पहाड़ी में प्रतिमा की स्थापना होगी। इस कार्य में 18 माह लग सकते हैं। श्री पाठक ने बताया की स्वामी राम भद्राचार्य जी द्वारा प्रतिमा की स्थापना के लिए भूमि पूजन किया जायेगा।

राष्ट्रीय स्तर का होगा कार्यक्रम
विजयराघवगढ़ महोत्सव के लिए भूमि पूजन के साथ ही तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। एक माह तक चलने वाले कार्यक्रम में दूसरे राज्यों से मंत्री, विधायक भी सहभागी बनेंगे। यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर का होगा। कार्यक्रम में विधायक संजय पाठक, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति थी।
रिपोर्ट : अजय त्रिपाठी
