नलजल योजनाओं के कार्य प्रारंभ नहीं करने वाले सरपंचों को समिति से हटायें – कलेक्टर

( मुरैना )

कलेक्टर श्रीमती प्रियंका दास ने समस्त एसडीएमओ को निर्देश दिये कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की अत्यंत आवश्यकता है। प्रायः देखने में आया है कि कई सरपंच स्वीकृत नलजल योजनाओं की राशि रखकर बैठे हुये है, वे पीएचई के निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कर रहे है। एसडीएम निरीक्षण करके यह देंखे कि ऐसे निर्माणकार्य प्रारंभ नहीं हुये है, उन सरपंचों को समिति से हटायें। यह निर्देश उन्होंने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पीएचई विभाग के जल स्त्रोतों एवं निर्माणाधीन जल संरचनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री एलके पाण्डे, अम्बाह, मुरैना, जौरा एवं सबलगढ़ के एसडीएम, कार्यपालन यंत्री पीएचई श्री आरएन करैया, अतिरिक्त जिला सीईओ श्री आरके गोस्वामी, समस्त जनपद सीईओ, सीएमओ एवं पीएचई विभाग के ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती प्रियंका दास ने कहा कि जल संरचनायें पूर्णतः की ओर है, उन्हें जल्द से जल्द प्रारंभ करायें। जिसमें 2 दिवस के अन्दर खेड़ा मेवदा, कुथियाना, बेल खेड़ा की योजनायें प्रारंभ होना चाहिये। उन्होंने कहा कि भंवरपुरा नलजल योजनायें 4 दिन में, सांगोली नलजल योजना 7 दिन में प्रारंभ होनी चाहिये। कलेक्टर ने कहा कि करूआ, तरसमा नलजल योजनाओं का पैसा ब्याज सहित वापस करायें। उन्होंने कहा कि राशि रिवायज के चक्कर में कई सरपंच निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करा रहे है। उनसे राशि ब्याज सहित वापस करायें। इसके साथ ही रिठौराकलां नलजल योजना में एजेंसी चेन्ज करके पीएचई विभाग प्रस्ताव आज ही जिला सीईओ के माध्यम से मुझे भिजवायें।
कलेक्टर ने कहा कि पेयजल परिवहन बिना अनुमति के नहीं होगा। राशि होने के बावजूद भी जल स्त्रोत का कार्य प्रारंभ क्यों नहीं कराया, कारण सहित स्पष्ट प्रस्तुत करें। समाधान कारक न होने पर ब्याज सहित राशि वापस करनी होगी।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में कई गांव कंटेनमेंट एरिया में है, उन गांव के लोगों के लिये पानी बहुत आवश्यक है। क्योंकि पानी के अभाव में पेयजल परिवहन कराया तो सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हो सकेगा। इसलिये ग्रामीण क्षेत्रों में कंटेनमेंट एरिया में सोशल डिस्टेंस का पालन बना रहे। उन्होंने अम्बाह एसडीएम को निर्देश दिये कि सांगोली गांव में कंटेनमेंट एरिया है, वहां पानी के स्त्रोत पुख्ता बने रहें। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये है कि मई महीने में अटार, जाटौली, बृजगढ़ी, तिलावली, रूअर, सुजानगढ़ी, गोलहारी की नलजल योजनायें मई माह के अन्त तक पूर्ण हो जायें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें