जबलपुर NIA Raid पर बड़ा खुलासा, ISIS से जुड़ें हैं तार, तबाही फैलाने का बना रहे थे ये प्लान
(भोपाल) जबलपुर में दो दिन पहले पड़ी NIA की रेड में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि आरोपियों ने जबलपुर में कट्टरपंथी व्यक्तियों का ग्रुप बना रखा था। ये सभी मिलकर अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए ISIS का प्रचार करते थे इसके साथ ही देश में आतंक फैलाने की साजिशें रच रहे थे।
जबलपुर में बनाया था कट्टरपंथियों का ग्रुप
रेड के दौरान तीन आरोपी सैयद ममूर अली, मोहम्मद आदिल खान और मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार किया गया था. जांच में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी अत्यधिक कट्टरपंथी थे और हिंसक जिहाद को अंजाम देना चाहते थे। आरोपी आदिल ने जबलपुर में कट्टरपंथी व्यक्तियों के ग्रुप बना रखा था। NIA की जांच के मुताबिक भारत में हिंसक जिहाद को अंजाम देने के लिए स्थानीय संगठन बनाने की योजना बनाई गई थी।
NIA की जांच में सामने आया कि आदिल और उसके सहयोगी ISIS के इशारे पर भारत में हिंसक आतंकी हमले करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के जरिए अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन कर ISIS का प्रचार करते थे। आदिल युवाओं को ISIS में शामिल करने के लिए प्रेरित करने और भर्ती करने के लिए यूट्यूब, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर कई चैनल भी चला रहा था।

