कलेक्टर अवि प्रसाद के प्रयासों से जिले मे निर्मित कराई जा रही अत्याधुनिक आर.टी.पी.सी आर लैब
चिकित्सालय मे ही हो सकेंगी जांच
(कटनी) – कलेक्टर अवि प्रसाद की विशेष पहल पर जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास एवं विस्तार सहित ढांचागत सुधार पर निरंतर जोर दिया जा रहा है। अब जल्द ही जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त आर.टी.पी.सी.आर लैब निर्मित हो जायेंगे।
कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा इस मामले में रूचि लेने की वजह से जिला चिकित्सालय के पुराने डायलिसीस परिसर में उच्च तकनीक से लैस लैब निर्माणाधीन है। सिविल सर्जन डॉ यशवंत वर्मा ने बताया कि लैब के बन जाने से न केवल कोविड जैसी बीमारियों के निदान की पुष्टि हो सकेगी वरन अन्य बीमारियों से संबंधित शोध गतिविधियों का भी संवर्धन होगा।

निर्माणाधीन लैब में नमूना प्राप्त करने स्टाक हेतु, नमूनों की छटनी, तैयारी व शोध कक्ष, उपकरण कक्ष, भंडार व रिपेयरिंग कक्ष सहित कुल 8 क्षेत्र रहेंगे। जिनमें संक्रमण नियंत्रण हेतु उच्च चिकित्सकीय मापदंडों का पालन किया जायेगा। कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर लैब मे काम करने के लिए दो स्वास्थ्य कर्मियों को अब तक प्रशिक्षण भी दिलाया जा चुका है। निर्माण कार्य जारी है। जिसके जल्दी ही पूरा होने की संभावना है।

