स्कूल चले अभियान का शहर में हुआ आगाज, निगमायुक्त सत्येंद्र सिंह धाकरे ने शासकीय प्राथमिक शाला नवीन टिकरिया पहुंचकर बच्चों से किया संवाद
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने शिक्षकों से हुए रूबरू
(कटनी) कटनी शासन द्वारा शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्र छात्राओं के लिए गुणवत्ता युक्त शिक्षा व संस्कार को बढ़ावा देने के मूल उद्देश्य से आज शिक्षा के शुरुआती सत्र में शहर के विभिन्न विद्यालयों में स्कूल चले अभियान का धूमधाम से आगाज हुआ।
जहां पर बच्चे खुशी का इजहार करते हुए अपने अपने विद्यालय पहुंचे।
इसी कड़ी में निगमायुक्त सत्येंद्र सिंह धाकरे द्वारा टिकरिया स्थित कक्षा एक से पांचवी तक के शासकीय प्राथमिक शाला नवीन पहुंचकर छात्र-छात्राओं से परिचय उपरांत शिक्षा की गुणवत्ता को परखने उपस्थित बच्चों से संवाद किया।
उक्त विद्यालय पर कुल 48 बच्चे 2 शिक्षकों की उपस्थिति में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं जिसमें निरीक्षण के दौरान 32 बच्चों की उपस्थिति पाई गई। इसके अलावा निगमायुक्त ने शिक्षा के महत्व को बच्चों के बीच में साझा करते हुए व्यक्ति के जीवन में शिक्षक और शिक्षा दोनों पर प्रकाश डाला।
इस दौरान निगमायुक्त ने उपस्थितपंजि का अवलोकन करने के साथ ही छात्र शक्ति सिंह ठाकुर से 7 एव छात्र हरि सिंह ठाकुर से 6 का पहाड़ा एवं अन्य विद्यार्थियों से भी शिक्षा के संबंध में प्रश्नोत्तरी की गई। प्रश्नोत्तरी का सार्थक जवाब देने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया।
उन्होंने शिक्षकों की उपलब्धता के साथ बैठक साफ-सफाई पेयजल पुस्तकों की व्यवस्था का अवलोकन करने के साथ बच्चों को मिलने वाली शासकीय छात्रवृत्ति के लिए बैंक खातों की जानकारी भी उपस्थित शिक्षकों से ली। बच्चों के द्वारा स्कूल बैग की मांग भी की गई।इस दौरान विद्यालय के शिक्षक शिव कुमार यादव एवं हेमंत शेखर स्वामी शरण तिवारी की उपस्थिति रही।
