बिजली से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रयास किये जायें
शिकायतों का त्वरित निराकरण करें, बंद ट्रांसफार्मर बदलें
कलेक्टर श्री प्रसाद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बिजली अधिकारियों को दिया निर्देश
(कटनी) – कलेक्टर अवि प्रसाद ने बिजली विभाग के अधिकारियों को आंकड़ात्मक उपलब्धियों के बजाय मैदानी स्तर पर पूरी संवेदनशीलता के साथ गंभीर और कारगर प्रयास करने की नसीहत दी। श्री प्रसाद सोमवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिजली विभाग के कार्याे की समीक्षा कर रहे थे।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि बिजली से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। जहॉं ट्रांसफार्मर बंद है, वहां शिविर लगायें, लोगों को समझाइश दें और ट्रांसफार्मर बदले जायें।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने बिजली अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरी संवेदनशीलता और जवाबदारी के साथ आम लोगों की बिजली समस्याओं को सुनें और उनका निराकरण करें। जरूरत और पात्रता के मुताबिक ट्रांसफार्मर बदलनें का कार्य किया जाये। साथ ही सुगम और निर्बाध विद्युत आपूर्ति पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि आम जनता के सीधे सरोकार से जुड़ी बिजली के प्रति उर्जा विभाग के मैदानी अमले के अधिकारी जे.ई. और ए.ई. को पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से कार्य करना होगा ताकि आम जनता को बिजली संबंधी शिकायतों में राहत मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि पिछले 6-7 माह में ट्रांसफार्मर बदलने के मामले मे बिजली महकमे ने बेहतर कार्य किया था। लेकिन अब इस मामले में विभागीय अमले की उदासीनता की वजह से समस्यायें बढ़ी है। कलेक्टर को लोक सेवा के जिला प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि सी.एम हेल्पलाइन मे ट्रांसफार्मर से संबंधित 260 शिकायतें लंबित है। जिनमें 66 ट्रांसफार्मर सुधार तथा 194 ट्रांसफार्मर बदलने से संबंधित मामले की है। कलेक्टर ने इस दिशा मे प्रभावी पहल करने की हिदायत दी है।
बैठक में बिजली विभाग के एस.ई आयुब खान सहित बिजली विभाग के मैदानी अधिकारी और ई गवर्नेंस के जिला प्रबंधक सौरभ नामदेव रत्नेश मिश्रा वर्चुअली जुडे थे।

