कलेक्टर ने मतदान केन्द्रों में विद्युत आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था करने अधिकारियों को दिया 48 घंटे का समय

Advertisement

कलेक्टर मतदान केन्द्रों का करेंगे औचक निरीक्षण

इंतजामों में कमी के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के विरूद्ध करेंगे कार्यवाही

(कटनी) – कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवि प्रसाद ने मतदान केन्द्रों में सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देशित किया है। साथ ही उन्होंने मतदान दिवस 17 नवंबर को मतदान केन्द्रों में आकस्मिक रूप से बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में पुख्ता वैकल्पिक इंतजाम करने की हिदायत दी है।

            कलेक्टर श्री प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मतदान दिवस 17 नवंबर को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होना है। ऐसे मे ठंड का मौसम होने की वजह से शाम के समय अंधेरा भी जल्दी हो जाता है। इसलिए मतदान केन्द्र मे शाम के समय यदि आकस्मिक रूप से बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो ऐसे मे सुगम प्रकाश व्यवस्था के लिए इमरजेंसी लाईट, पेट्रोमेक्स या रिचार्जेबल बल्ब आदि का प्रबंध हर मतदान केन्द्र मे सुनिश्चित किया जाये। ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में मतदान केन्द्र में पर्याप्त रोशनी रहे जिससे मतदान कर्मियों और मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके मद्देनजर कलेक्टर श्री प्रसाद ने ग्रामीण और शहरी सभी मतदान केन्द्रों मे विद्युत आपूर्ति के वैकल्पिक साधनों की 48 घंटे के भीतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की अधिकारियों को हिदायत दी है।

करेंगे औचक निरीक्षण

            कलेक्टर श्री प्रसाद सोमवार की शाम से स्वयं मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर यहां विद्युत व्यवस्था के लिए किये गए वैकल्पिक इंतजामों का जायजा लेंगे। विद्युत व्यवस्था बाधित होने की स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी के विरूद्ध कलेक्टर कड़ी कार्यवाही करेंगे।

            उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री प्रसाद समय-समय पर आयोजित निर्वाचन संबंधी बैठकों मे नगर निगम और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को मतदान केन्द्रों में वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था करने के निर्देश पहले ही कई बार दे चुके है। अब इन निर्देशों के पालन की मैदानी हकीकत जानने कलेक्टर मतदान केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें