जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को देने के लिए विशेष प्रयास करें- राज्यमंत्री श्रीमती सिंह
(सीधी) सीधी प्रवास के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने उच्च विश्राम गृह में सीधी जिले के विकास से जुड़े मुद्दों पर कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक डाॅ. रवीन्द्र वर्मा तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राहुल धोटे से चर्चा की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्री देव कुमार सिंह चौहान भी उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री ने कहा कि सीधी जिले से उनका विशेष जुड़ाव है। इसके विकास के लिए बेहतर से बेहतर कार्य योजना बनाएं जिससे ग्रामीण क्षेत्रों तथा शहरी क्षेत्रों के विकास को गति मिले। राज्यमंत्री ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं का लाभ सहजता से मिले। हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण निर्धारित मात्रा में और समय से हो। आंगनवाड़ियों, विद्यालयों तथा अन्य शासकीय संस्थाओं का संचालन निर्धारित समय पर किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभ से कोई भी हितग्राही वंचित नहीं रहे।
राज्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सभी विद्यालयों में शौचालयों का क्रियाशील होना आवश्यक है। सभी विद्यालयों में शौचालयों को क्रियाशील करने के लिए अभियान चलायें। राज्यमंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की जावेगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
