गुरूजी समर्थकों का थोकबंद इस्तीफा, तेनगुरिया ने कहा गुरूजी पार्टी के समर्पित नेता रहे
(हरदा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रकाश चंद वशिष्ठ गुरु को कांग्रेस से बाहर निकाले जाने पर नाराज उनके समर्थकों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्य से इस्तीफा दे दिया । हरदा जिले में एक लम्बे समय से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य रहे स्वर्गीय एकनाथ अग्रवाल गुट के खासमखास प्रकाश चंद्र वशिष्ठ को पार्टी से निकाले जाने से उनके समर्थकों में गहरा रोष व्याप्त है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी अनुसार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रकाश चंद्र वशिष्ठ को कांग्रेस विधायक डॉ रामकिशोर दोगने तथा नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी की शिकायत के चलते कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओम पटेल ने वरिष्ठ नेताओं से राय मशविरा कर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छः साल के लिए निष्कासित कर दिया था । मालूम हो कि हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता वशिष्ठ पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगे थे जिसके चलते मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर कर दिया था।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओम पटेल ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस प्रत्याशी को हराने के लिए भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी कमल पटेल के साथ मिलकर पार्टी विरोधी काम किया था। पार्टी नेताओं के इस्तीफे संबंधित जानकारी कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष पद पर रहे उत्तर तेनगुरिया ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।
✍️ (मुईन अख्तर खान)
RPKP INDIA NEWS
हरदा
