धार्मिक स्थल की स्वच्छता सुनिश्चित करें यही हमारा सबसे बड़ा देव दर्शन होगा – मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल
मंत्री श्री पटेल ने विदिशा के श्री खाटू श्याम मंदिर में पोंछा और झाड़ू लगाई
इस दौरान विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन, विदिशा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री वीर सिंह रघुवंशी, सांसद प्रतिनिधि श्री राकेश शर्मा, श्री संदीप सिंह डोंगर के अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मंदिर की साफ-सफाई में सहभागिता की।
मंत्री श्री पटेल ने वैशाली बिहार कॉलोनी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में स्वच्छता अभियान में शामिल होने से पहले श्री खाटू श्याम जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में वाइपर से पोंछा लगाया और मंदिर परिसर में झाड़ू भी लगाई।
साफ-सफाई अभियान के दौरान मंत्री श्री पटेल ने मंदिर परिसर में लगे बड़ के पौधे पर बांधी गई अगरबत्ती की पॉलिथीन देखी तो उन्होंने उन पन्नियों को स्वयं अपने हाथो से निकाल कर एकत्रित किया और डस्टबिन में डाला। उन्होंने कहा कि मनोती का धागा निर्धारित स्थान पर ही बांधे। उन्होंने कहा कि यह तो श्रद्धालुओं की आस्था ही है और श्री खाटू श्याम जी की महिमा कि श्रृद्धालुओं द्वारा मनोती के धागे और पॉलिथीन बांधने से उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
मंत्री श्री पटेल ने मीडिया से संवाद के दौरान कहा कि अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के पहले प्रधानमंत्री जी के राष्ट्रव्यापी आव्हान पर मंदिर या किसी भी संप्रदाय के धार्मिक स्थल पर उसकी स्वच्छता सुनिश्चित करना है सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा धार्मिक स्थल की साफ स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि मुझे विदिशा के श्री खाटू श्याम मंदिर में सेवा देने का अवसर मिला मैं अपने आपको भाग्यशाली मानता हूं। 22 जनवरी तक सतत तौर पर, लक्षित रूप से, संकल्प के साथ प्रत्येक धार्मिक स्थल की स्वच्छता करें यही हमारा सबसे बड़ा देव दर्शन होगा।
