पटवारी होते हैं भ्रष्ट व रिश्वतखोर, सरकार को करते बदनाम — मध्य प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कलेक्टर से कहा कि सौ प्रतिशत पटवारी रिश्वत लेते हैं और सरकार को बदनाम करते हैं , इन पर लगाम लगानी होगी l मंत्री पटवारी आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को सम्बोधित करने के दौरान यह बात कही l मंत्री जीतू पटवारी राऊ विधानसभा के ग्राम रंगवासा में आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल हुए l इस दौरान उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए मंत्री ने मंच से ही कलेक्टर को कहा कि आपके सौ प्रतिशत पटवारी रिश्वत लेते हैं l इन पर लगाम कसना बहुत जरूरी है l वहीं उन्होंने शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा गड़बड़ी और लापरवाही सामने आई तो कड़ी कार्रवाई होगी l प्रदेश में जिस तरह से भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, इसको लेकर सरकार सख्त हो गई है l निचले स्तर पर अधिकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायतें अक्सर होती रही है लेकिन पहली बार ऐसा मामला सामने आया है जब सरकार के मंत्री मंच से कह रहे हो कि 100 प्रतिशत पटवारी रिश्वत ले रहे हैं l खुले मंच से पटवारियों को लेकर इस तरह के बयान का विरोध हो सकता है, लेकिन जमीनी हालातों को देखते हुए मंत्री ने यह बात कही, जो कुछ हद तक सही भी हो सकती है, लेकिन अभी पटवारियों के ऊपर कई कामों की जिम्मेदारी है, बारिश से हुए नुक्सान का सर्वे चल रहा है l ऐसे में यह बयान सरकार की मुश्किलें भी बढ़ा सकता है l