जिला जनसंपर्क कार्यालय, सिवनी़ (म.प्र.) समाचार   उत्कृष्ट निर्वाचन कार्यों के लिए कलेक्टर श्री सिंघल सहित रिटर्निंग अधिकारी केवलारी हुए सम्मानित सिवनी 25 जनवरी 24/ 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित हुए कार्यक्रम में जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री क्षितिज सिंघल राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल के हस्ते पुरस्कृत हुए हैं। कलेक्टर श्री सिंघल को यह पुरूस्कार सफलतापूर्वक विधानसभा निर्वाचन करवाने एवं समग्र रूप से निर्वाचन में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया गया है। इसके साथ-साथ रिटर्निंग अधिकारी केवलारी श्री संदीप श्रीवास्तव को भी राज्यपाल महोदय द्वारा पुरूस्कृत किया गया। उल्लेखनीय है कि विधानसभा निर्वाचन 2023 में संपूर्ण प्रदेश में मतदान प्रतिशत में सिवनी जिला अग्रणी रहा है। इसके साथ-साथ विधानसभा केवलारी में भी सर्वाधिक मतदान प्रतिशत रहा है।   दावा – आपत्ति आमंत्रित सिवनी 25 जनवरी 24/ परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास सिवनी द्वारा बताया गया की बण्डोल-1, हिवरा, गोरखपुरखुर्द, चांवडी एवं नगझर आंगनवाडी केन्द्रों में आंगनवाडी सहायिका के रिक्त पद पूर्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किये गये थे। खंड स्तरीय चयन समिति के निर्णय अनुसार अनन्तिम सूची जारी कर दी गई है तथा जारी सूची के विरूद्ध 31 जनवरी 2024 तक दावा आपत्ति आमंत्रित किये गये हैं। अनन्तिम सूची का अवलोकन संबंधित कार्यालय में किया जा सकता है।                                                                      राष्ट्रीय मतदाता दिवस जिला स्तरीय कार्यक्रम संपन्न उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित   सिवनी 25 जनवरी 24/ 14 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन नवीन अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री राकेश सिंह एवं मुख्य कार्यपानल अधिकारी जिला पंचायत श्री नवजीवन पंवार द्वारा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के संदेश का वाचन करने के साथ-साथ सभी को मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई गयी। इसके साथ-साथ नवीन मतदाताओं को प्रतिकात्मक स्वरूप वोटर आईडी कार्ड का वितरण किया गया एवं कुल 102 अधिकारी-कर्मचारियों को विधानसभा निर्वाचन में बेहतर कार्य करने  के लिए प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया गया।   सीएम राईज स्कूल डूण्डासिवनी में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन सिवनी 25 जनवरी 24/ मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राजेश कुमार गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में श्री विकास शर्मा जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिवनी के निर्देशन में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर दिनांक 24.01.2024 को सी.एम. राईज स्कूल डूण्डासिवनी में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित विद्यार्थियों को नालसा बच्चों के मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं और उनके संरक्षण के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, बाल अपराध के विषय पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी।