जिला स्‍तरीय ‘’राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस’’ समारोह मल्हार स्मृति मंदिर देवास में हुआ आयोजित

कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने मतदाता दिवस की शपथ दिलाकर, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

(देवास)  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 25 जनवरी 2024 को मतदाताओं को जागरूक करने एवं प्रजातंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी मतदान केन्‍द्रों पर राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्‍तरीय कार्यक्रम मल्‍हार स्‍मृति मंदिर देवास में ‘’वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम’’ थीम पर जिला स्तरीय ‘‘राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम कलेक्टर श्री ऋषव गुप्‍ता के आतिथ्‍य में आयोजित हुआ। इस दौरान एएसपी श्री जयवीर सिंह भदोरिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रियंका मिमरोट, डॉ समीरा नईम, इलेक्‍शन सुपरवाईजर श्री मनीष श्रीवास्‍तव सहित अन्‍य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।

   जिला स्तरीय कार्यक्रम मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार का वर्चुअल संवाद सुना गया। कलेक्टर श्री गुप्‍ता ने मतदाताओं को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने शपथ दिलाई कि ‘‘हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए,‍ निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रभोलन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

 जिला स्तरीय ‘‘राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस” कार्यक्रम में कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने निर्वाचन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले गैर सरकारी संस्‍थाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्‍यांगजनों, अधिकारियों/कर्मचारियों, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र दिया। नए युवा मतदाताओं को ईपिक कार्ड प्रदान किए। निबंध प्रतियोगिता के जिला स्‍तरीय विजेताओं को प्रशस्ति पत्र दिये गये।

   कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में विधानसभा चुनाव बहुत अच्छे से कराया गया है। निर्वाचन में सभी अधिकारी-कर्मचारी एक उद्देश्य से कार्य करते हैं। महिला कर्मचारी देवास जिले में जीवंत उदाहरण है, पुरुषों के बराबर ही नहीं बल्कि पुरुषों से बेहतर कार्य कर रही है। सभी महिला अधिकारियों को बधाई। लोकतंत्र एक प्रक्रिया है, निर्वाचन के दौरान कंधों पर बहुत बड़ी जवाबदारी रहती है। निर्वाचन में हम सब विश्वास के साथ एक साथ कार्य करते हैं।

   कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि ईवीएम भले एक मशीन है, पर चुनाव प्रक्रिया ऐसी है कि चाह कर भी कोई हैक नहीं कर पाएगा। निर्वाचन आयोग द्वारा इतने प्रावधान डाले गए हैं कोई हैक नहीं कर पाये। यह प्रक्रिया एक दिन में नहीं बनी, इलेक्शन कमिशन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहती है। एपिक कार्ड के लिए पहले बीएलओ के पास जाना पड़ता था। अब एक के माध्यम से हम ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। जिले में निर्विघ्न चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारी, सेक्टर अधिकारी, पोलिंग पार्टी ने बहुत अच्छी तरह से कार्य किया है। सभी को बहुत-बहुत बधाई।

  कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि निर्वाचन में युवाओं ने आगे बढ़कर मतदान किया है। मतदान के दिन मतदान करने के बाद उत्साह से सोशल मीडिया पर अपनी फोटो भी साझा की है। जिले में वृद्धों ने बढ़चढ़ कर मतदान में भाग लिया। निर्वाचन आयोग द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धों को घर जाकर घर पर मतदान की सुविधा दी गई थी। फिर भी वृद्धजनों ने मतदान केन्‍द्र पर जाकर मतदान किया। विधानसभा निर्वाचन की लोकसभा निर्वाचन भी सम्‍पन्‍न करवाना है।

  उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रियंका मिमरोट ने कहा कि निर्वाचन टीम द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। जिले में अभी 12 लाख 13 हजार मतदाता है। जिले में जेंडर रेशों भी बड़ा है। मतदाता सूची का कार्य अच्छे से हुआ है। हम विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनाव भी निर्विघ्न रूप से संपन्न करायेंगे। जिले के मतदाता निर्वाचन में सहभागिता करते हुए अपने मताधिकार का उपयोग करें। मतदाता भारत निर्वाचन आयोग कि वेबसाइड को जरूर देंखे, जिससे निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त होती रहें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें