शहर के 10 कोविड केयर सेन्टर में रखे जा सकेंगे 518 संदिग्ध मरीज

कलेक्टर ने चार कोविड केयर सेन्टरों का किया निरीक्षण

कटनी  कोरोना वायरस संक्रमण के दौरान किसी भी विपरीत परिस्थितियों से निपटने कटनी जिले में चाक चौबंद प्रबंध किये गये हैं। कटनी जिला मुख्यालय में 10 छात्रावासों को संदिग्ध संक्रमित व्यक्तियों को रखने के लिये कोविड केयर सेन्टर के रुप में विकसित किया गया है। इन 10 कोविड केयर सेन्टर्स में एक साथ 518 संदिग्ध मरीजों की देखभाल की जा सकेगी।

            कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने शनिवार को शहर के चार कोविड केयर सेन्टर्स अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास, अनसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास माधवनगर और आईटीआई खिरहनी के बालक छात्रावास और बालिका छात्रावास का निरीक्षण का आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 एस0के0 निगम, एसडीएम बलबीर रमन, जिला संयोजक आदिम जाति सरिता नायक, तहसीलदार मुनौव्वर खान संदीप श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।

            कलेक्टर श्री सिंह ने कोविड केयर सेन्टर्स का निरीक्षण कर वहां रुकने वाले संदिग्ध संक्रमित व्यक्तियों के लिये स्वास्थ्य जांच, भोजन, पेयजल एवं प्रशासन सुविधा सहित आवागमन, साफ-सफाई, सैनीटाईजेशन, विसंक्रमण की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 निगम ने बताया कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के दो कोविड सेन्टरों में 36-36 कमरों में 2-2 बैड की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास में 6 कक्षों में 36 बैड और बालक छात्रावास में 11 कक्षों में 56 बैड की व्यवस्था है। इनमें पर्याप्त संख्या में 12-12 टॉयलेट और प्रसाशनों की भी उपलब्धता है। उन्होने बताया कि प्रत्येक कोविड सेन्टर में एक गार्ड और एक स्वच्छक की ड्यूटी अतिरिक्त रुप से होगी तथा चिकित्सक और स्टाफ नर्स प्रतिदिन दो बार इन कोविड केयर सेन्टर्स का विजिट कर संदिग्ध संक्रमितों की स्वास्थ्य जांच करेंगे। इस प्रकार कटनी जिला मुख्यालय में 10 छात्रावासों को कोविड केयर सेन्टर के रुप में विकसित किया गया है। जहां कोरोना वायरस के संदिग्ध संक्रमितों को रखकर उनकी देखभाल की जायेगी। कोरोना पॉजीटिव केसों को जिला अस्पताल में लाकर आईसोलेट किया जायेगा।

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के संदिग्ध व्यक्तियों की देखभाल के लिये बनाये गये 10 कोविड केयर सेन्टर्समें एक साथ 518 व्यक्तियों को रखा जा सकता है। कुल 145 कक्षों में 518 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। इनमें अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास बरगवां के 13 कक्षों में 26 बैड, अनुसूचित जाति महाविद्यालय छात्रावास तिलक कॉलेज के बालक छात्रावास के 8 कक्षों में 32 बैड, खिरहनी दुर्गा चौक के अनुसूचित जनजाति महाविद्यालयीन छात्रावास के 6 कक्षों में 36 बैड, खिरहनी दुर्गा चौक के सीनियर कन्या छात्रावास के 6 कक्षों में 36 बैड, कस्तूरबा कन्या छात्रावास जबलपुर रोड के 20 कक्षों में 80 बैड संचालित किये जा रहे हैं। साफ, स्वच्छ हवादार पर्यावरणीय अनुकूलता के इन सभी 10 कोविड केयर सेन्टरों में पेयजल, शौचालय, प्रसाधन एवं साफ-सफाई की सुचारु व्यवस्था है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें