लोकतंत्र का लोकोत्सव ‘‘भारत पर्व’’ का हुआ आयोजन

देशभक्ति के गीतों से गुंजायमान हुआ मानस भवन लोक कलाकारों ने लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

(सीधी)जिला प्रशासन, जनसंपर्क व संस्कृति विभाग की ओर से मानस भवन सीधी में गणतंत्र दिवस की संध्या पर लोकतंत्र का लोकोत्सव ‘‘भारत पर्व’’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जबलपुर तथा सिंगरौली जिले के कलाकारों सहित स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा एक से बढ़कर एक बहुआयामी व राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के शुभारंभ में राज्यसभा सांसद श्री अजय प्रताप सिंह, विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह परिहार, कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, सीईओ जिला पंचायत श्री राहुल धोटे, एडीएम श्री राजेश शाही सहित गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा जय स्तंभ, शिलाफलक एवं बाणभट्ट की प्रतिमा के समक्ष में दीप प्रज्ज्वलन कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा वीर शाहिदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्री सिंह ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की संस्कृति सशक्त है तभी वह समाज प्रगति करेगा। आज देश को कमजोर करने के लिए हमारी संस्कृति पर आक्रमण जारी है, शासन द्वारा आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम से लोगों का अपनी संस्कृति के प्रति जुड़ाव बढ़ता है और अपनी संस्कृति मजबूत होती है। प्रधानमंत्री जी ने जो विकसित भारत का संकल्प लिया है उसे पूरा करने के लिए अपनी सांस्कृतिक धरोहरों का पूरी ताकत से समर्थन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्री रामलला के स्वरूप के प्राण प्रतिष्ठा से देश में हर्ष और उल्लास का वातावरण है। हम भगवान श्री राम के आदर्शों का अनुसरण करेंगे तो भारत विश्वगुरु के रूप में स्थापित होगा।

विधायक सीधी श्रीमती पाठक ने कहा कि हमारा देश आजादी के अमृत काल में चल रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज देश नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। जब देश का नेतृत्व संवेदनशील नेतृत्व द्वारा किया जाता है तो जमीनी स्तर तक शासन की योजनाएं पहुंचती हैं, जिससे लाभान्वित होकर देश का प्रत्येक व्यक्ति विकास करता है और परिणामस्वरूप देश भी विकास करता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया है कि अपने देश को 2047 तक विकसित करने के लिए अपना-अपना योगदान दें। जो भी कार्य करें पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ करें। सभी के प्रयास से हमारे विकसित भारत का सपना पूरा होकर रहेगा।

आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम अंतर्गत गणतंत्र दिवस की संध्या पर लोकतंत्र का लोकोत्सव ‘‘भारत पर्व’’ कार्यक्रम में इस वर्ष स्वराज संस्थान भोपाल द्वारा चयनित जबलपुर जिले से आए लोक कलाकारों रज्जन सूर्यवंशी एवं समूह के द्वारा बुंदेली लोकगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। साथ ही सिंगरौली जिले के लोकनृत्य (गुदुमबाजा) के कलाकारों धीरज पाण्डेय तथा साथियों के द्वारा अपने ओजस्वी प्रस्तुति से दर्शकों में ऊर्जा का संचार कर दिया।

इस अवसर पर स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में मणिका संगीत शिक्षण संस्थान सीधी द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक गीतों की प्रस्तुतियां की गई। इसके साथ ही रिदम एकेडमी सीधी के प्रतिभागियों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी गई। जनजातीय कार्य विभाग सीधी की छात्राओं द्वारा की गई प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। माॅ वीणावादिनी स्वर संगम संगीत शिक्षण संस्थान सीधी एवं एस डी म्यूजिकल ग्रुप सीधी के द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी गई। जिले के अरविंद कुमार पटेल एवं दल के द्वारा देशभक्ति कव्बाली के माध्यम से दर्शकों में ऊर्जा का संचार किया गया।

जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

जनसंपर्क विभाग के द्वारा कार्यक्रम स्थल पर चारों तरफ विकास योजनाओं की छायाचित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई थी जो दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद, विधायक सीधी, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष सीधी, कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर सहित अधिकारियों/कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिकों द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। साथ प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें