बिछुआ नगर में जिले के पहले आनंदम् केंद्र का हुआ शुभारंभ
आनंदित रहने के लिए आध्यात्म की आवश्यकता है- एसडीएम श्री मिश्रा सनातन धर्म की पूंजी है आनंदम् केंद्र- डॉ.यादव आनंदम् केंद्र का आधार है एकात्म मानववाद- श्री ठाकुर
(छिन्दवाडा) नगर परिषद बिछुआ के बस स्टैंड में बुधवार को राज्य आनंद संस्थान की अवधारणा पर आधारित जिला प्रशासन की पहल पर जिले के पहले आनंदम् केंद्र की स्थापना हुई। केन्द्र की शुरुआत मां सरस्वती व भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण, पूजन-अर्चन व रिवन काटकर हुई। आनंदम् केंद्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं चौरई एसडीएम श्री प्रभात मिश्रा ने किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष रामचंद्र बोबड़े, उपाध्यक्ष मंगलेश दुबे, प्राचार्य डॉ आरपी यादव, सीएमओ आशीष मेरावी, स्वच्छता निरीक्षक उत्तम कुमार नर्रे, श्री प्रियवर सिंह ठाकुर, गणमान्य
नागरिक और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं राजस्व अनुविभागीय अधिकारी चौरई श्री मिश्रा ने कहा कि सभी को अपना जीवन आनंदित बनाने के लिये आनंदम केंद्र से जुड़ना चाहिये। समाज में लोगों को आनंदित रहने के लिए अध्यात्म की आवश्यकता है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव के आधार पर हुई आनंद की अनुभूति को व्यक्त करते हुये कहा कि जिसके पास आवश्यकता से अधिक सामग्रियां हैं, उन्हें हम आनंदम केंद्र के माध्यम से दूसरों में बांटकर आनंद की स्थाई अनुभूति कर सकतें हैं। आनंद विभाग की मास्टर ट्रेनर डॉ.साक्षी सहारे ने आनंदम् केंद्र की स्थापना के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए आनंदित रहने के तरीके बताये। कार्यक्रम में नगर परिषद बिछुआ के अध्यक्ष श्री रामचंद्र बोबड़े ने कहा कि बिछुआ में जिले का पहला आनंदम् केंद्र खुला है जो नगर के लिए गौरव की बात है। उपाध्यक्ष श्री पंडित मंगलेश दुबे ने कहा कि केंद्र के संचालन के लिए परिषद हर संभव मदद करेगी। सीएमओ श्री आशीष मेरावी ने कहा कि राज्य आनंद संस्थान की अवधारणा के अनुरूप केन्द्र का संचालन होंगा। नगरवासी केन्द्र में आवश्यकता से अधिक अपने घरों में उपस्थित वस्तु को देकर जाये। साथ ही जिसे आवश्यकता है वह वस्तु लेकर जाये। श्री ठाकुर प्रियवर सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद केंद्र का आधार है, जिसके जरिये समाज में हर वर्ग को खुशियों से भरने का कार्य किया जायेगा। इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकार आनंद विभाग के माध्यम से हर संभव प्रयास कर रहीं हैं। शासकीय महाविद्यालय बिछुआ के प्राचार्य डॉ.आर.पी.यादव ने कहा कि सनातन धर्म की पूंजी आनंदम केंद्र है, लोगों के जीवन में खुशियां भरने के लिए वसुधैव कुटुंबकम की भावना पर आनंद विभाग अग्रणी कार्य कर रहा है। उन्होंने केंद्र के सफल संचालन के लिए आनंद क्लब के सहयोगियों को भी अग्रिम शुभकामनाएं दी। केंद्र के शुभारंभ कार्यक्रम का संचालन आनंद सहयोगी श्री उमेश साहू ने कुशलतापूर्वक करते हुये बताया कि नगर परिषद बिछुआ के बस स्टैंड स्थित आनंदम केंद्र का संचालन जन सहयोग के माध्यम से होगा। केंद्र के जरिए नगर में आनंद विभाग से जुड़ी गतिविधियां समय-समय पर आयोजित भी होगी। केंद्र के सफल संचालन में शासकीय महाविद्यालय बिछुआ आनंद क्लब के सदस्य भी सहभागिता देंगे। उन्होंने नगरवासियों से केंद्र में सामग्री देकर जरूरतमंद लोगों की मदद करने की अपील की ।
