लोकसभा चुनाव 2024 : विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कमल का फूल और श्री नरेंद्र मोदी हमारे प्रत्याशी
कार्यकर्ताओं को विधायक श्री पाठक ने दी सीख,अति आत्मविश्वास में ना रहें
(विजयराघवगढ़) लोकसभा चुनाव की तैयारियां भारतीय जनता पार्टी द्वारा बड़े जोर शोर से चल रही है। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र बरही नगर में भाजपा का विधानसभा स्तरीय चुनाव कार्यालय का शुभारंभ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक एवं जिला महामंत्री सतीश तिवारी के द्वारा क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्तिथि में किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक श्री पाठक जी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में माहौल हमारे अनुकूल है, मोदी जी के 10 साल के काम, उनका नाम और नेतृत्व के साथ ही इस बार भगवान श्रीराम का भी आशीर्वाद हमारे साथ है। ऐसे में इस बार विधानसभा के सभी बूथ जीतने के संकल्प के साथ हमें आगे बढ़ना है। ये जीत एक लाख आठ हजार वोट से अधिक की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमे यह भी ध्यान रखना है कि हम अति आत्मविश्वास में ना रहें। हमें अपनी बूथ संरचना को और सुदृढ़ करते हुए जनता के साथ बेहतर संवाद को और अधिक प्रगाढ़ करना है। लोकसभा चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार श्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा का चुनाव चिह्न ‘कमल’ होगा ।

बीजेपी हमेशा संकल्पों को पूरा करने के लिए जानी जाती है
जिला महामंत्री सतीश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने के लिए हम अपना संकल्प पत्र तैयार कर रहे हैं। बीजेपी हमेशा अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए जानी जाती है। पूर्व महामंत्री उदयराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे बूथ जितने मजबूत होंगे, मतदाताओं से हमारा संवाद जितना बेहतरीन होगा, हमारे प्रत्याशी उतने ही भारी मतों से विजयश्री प्राप्त करेंगे।

आम जनता में मोदी की गारंटी के प्रति विश्वास बढ़ा
मण्डल अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र में बीते 10 वर्ष में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आंतरिक सुरक्षा और विदेश नीति के कारण पूरे विश्व में भारत का नाम हुआ है. मोदी ने जो कहा वह करके दिखाया इससे कार्यकर्ताओं में हौसला है और आम जनता में मोदी की गारंटी के प्रति विश्वास बढ़ा है।

विधानसभा स्तरीय चुनाव कार्यालय का हुआ शुभारंभ
विधानसभा स्तरीय चुनाव कार्यालय का कार्य वरिष्ठ नेता श्री उत्तम शर्मा देखेंगे। कार्यालय शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री सतीश तिवारी, पीयूष अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुधा कोल, सुधा जायसवाल, उदयराज सिंह चौहान, राजेश गर्ग, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा , प्रमोद सोनी, शिवगोपाल चतुर्वेदी, रंगलाल पटेल, श्रीमती शालनी सोनी, लालजी मिश्रा, उत्तम शर्मा, श्रीमती सुनीता गुप्ता सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
✍️ (संतोष प्रसाद तिवारी)
RPKP INDIA NEWS
कैमोर
