लाइनमैन दिवस के अवसर पर 4 मार्च को उत्कृष्ट कार्यों के लिये विद्युत विभाग के लाइनमैन होंगे सम्मानित
(टीकमगढ़) लाइनमैनों द्वारा विद्युत क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के साथ ही विद्युत क्षेत्र के विकास से देश की तरक्की में किये जा रहें योगदान को मान्यता देने के लिये मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा विशेष उत्कृष्ट कार्य करने वाले टीकमगढ़ जिले के चयनित लाइनमैनों को क्षेत्रीय स्तर पर मुख्य अभियंता (सा.क्षे.) सागर द्वारा सम्मानित किया जायेगा।
उसी परिपेक्ष्य में लाईनमैन दिवस के अवसर पर कंपनी द्वारा प्राप्त निर्देशानुसार, दिनांक 4 मार्च 2024 को टीकमगढ वृत्त अंतर्गत, (सं./स.) संभाग टीकमगढ़, (एसटीएम/ एसटीसी) संभाग टीकमगढ, तथा प्रवर्तन संभाग टीकमगढ का संयुक्त रूप से कार्यकम संभागीय कार्यालय परिसर में स्थापित मीटिंग हाल में किया जायेगा। जिसके अंतर्गत एसटीएम/एसटीसी संभाग, प्रवर्तन संभाग के अतिरिक्त वितरण केन्द्र टीकमगढ़ शहर, टीकमगढ ग्रामीण, मवई बड़ागांव, बल्देवगढ, बुड़ेरा, मोहनगढ़ के लाईन कर्मचारी शामिल होगें। इसी प्रकार जतारा संभाग अंतर्गत आने वाले वितरण केन्द्र दिगौड़ा, लिधौरा, पलेरा, चंदेरा, जतारा एवं खरगापुर में कार्यरत नियमित/संविदा एवं आउटसोर्स लाइनमैनों का सम्मान समारोह कुण्ड पहाड़ी स्थित सामुदायिक भवन जतारा में किया जायेगा।
कार्यकम के दौरान सर्व प्रथम प्रबन्ध संचालक के संदेश का वाचन किया जायेगा तदोपरान्त उपस्थित लाईन कर्मचारियों को कंपनी द्वारा तैयार किये गये सुरक्षा शपथ दिलाई जायेगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले चयनित लाईन मैनों द्वारा कंपनी हित में किये गये उत्कृष्ट कार्यों के सम्बन्ध में अपने अनुभव एवं प्रयासों को वर्णित किया जायेगा। इसके पश्चात् लाईन मैनों द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्य पर अधीक्षण अभियन्ता, कार्यपालन अभियन्ता तथा सहायक अभियन्ता स्तर के अधिकारियों द्वारा प्रकाश डाला जायेगा। समस्त कार्यकम की फोटोग्राफी/ वीडियोग्राफी भी कराई जायेगी। तदोपरान्त लाईनमैनों को उनके द्वारा किये गये कार्यों हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा। उक्त आयोजित लाइनमैन दिवस कार्यक्रम में वृत्त/संभाग/उपसंभाग/वितरण केन्द्र स्तर तक के अधिकारी/कर्मचारीगणों के साथ-साथ वृत्त अंतर्गत पंजीकृत विद्युत ठेकेदार तथा आउटसोर्स एजेंसी के सुपरवाईजर उपस्थित रहेंगे।
