कलेक्टर श्री सिंह ने जनपद पंचायत कार्यालय, तहसील न्यायालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहखेड का किया आकस्मिक निरीक्षण

कलेक्टर श्री सिंह ने खंड स्तरीय अधिकारियों और चिकित्सकों व पुलिस अधिकारियों की ली बैठक

(छिन्दवाडा) कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह द्वारा गत दिनों जिले के विकासखंड मोहखेड़ में जनपद पंचायत मोहखेड के सभाकक्ष में खंड स्तरीय अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहखेड में चिकित्सकों और पुलिस अधिकारियों की बैठक ली गई । उन्होंने जनपद पंचायत कार्यालय, तहसील न्यायालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहखेड का आकस्मिक निरीक्षण भी किया । इस दौरान सीएसपी सुश्री प्रियंका पांडे, तहसीलदार सुश्री शोभना सिंग ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री भागचंद टिमरिया, बीएमओ डॉ.रेहाना, थाना प्रभारी, बीईओ, बीआरसी, बीएलओ और अन्य खंड स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने जनपद पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में सर्वप्रथम सभी विभागों के अनुविभागीय एवं खंड स्तरीय अधिकारियों से एक-एक कर परिचय और कब से पदस्थ हैं, इसकी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी विभाग फील्ड में शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन और शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित कराये। कृषि विभाग उचित कीमत पर कृषकों को खाद बीज का वितरण सुनिश्चित कराये। उन्होंने ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों की महिला सदस्यों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने और उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिये। उन्होंने जनपद पंचायत के निर्माण कार्यो और अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा हितग्राहियों को सभी योजनाओं में लाभान्वित करने के निर्देश दिये । उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा व सीमांकन सहित सभी राजस्व प्रकरणों की समय सीमा निर्धारित कर निराकरण सुनिश्चित करते हुए डिस्पोजल परसेंट 90 से ऊपर मेंटेन रखने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहखेड में चिकित्सकों और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में पोस्टमार्टम, एमएलसी और अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की तथा आपसी समन्वय और सहयोग से इन प्रकरणों में त्वरित गति से कार्य करने के लिये कहा । उन्होंने गर्भवती माताओं और शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाने हेतु महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के अमले को संवेदनशील रहकर कार्य करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे और माताओं का शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित हो, यही विभाग का मूल कार्य है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। गर्भवती महिलाओं की सभी ए.एन.सी. जांचें समय पर सुनिश्चित हों और उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। टीकाकरण का कार्य भी समुचित तरीके से हो, अन्यथा की स्थिति में दोनों विभागों के अमले की जिम्मेदारी तय की जायेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिला बदर और अन्य आपराधिक प्रकरणों में साक्ष्य और तथ्यों पर विशेष ध्यान रखें एवं प्रकरणों में सभी बिन्दुओं को शामिल करें जिससे अपराधी व्यक्ति का बचाव न हो सके और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके ।
कलेक्टर श्री सिंह ने तहसील न्यायालय मोहखेड़ के निरीक्षण के दौरान तहसीलदार और रीडर से राजस्व प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की तथा सभी प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रकरणों को समय पर पंजीबध्द करने के लिये भी कहा । उन्होंने ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त फसलों के सर्वे के लिये पटवारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये तथा ओलावृष्टि से प्रभावित सभी किसानों को क्षतिग्रस्त फसल का मुआवजा दिलाने के लिये समुचित कार्यवाही करने के लिये कहा। उन्होंने जनपद पंचायत कार्यालय की सभी शाखाओं का निरीक्षण किया और कार्यालय में साफ-सफाई रखने के साथ ही सभी कार्य समय पर करने के लिये निर्देश दिये। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान ओपीडी और भर्ती मरीजों, चिकित्सकों व अन्य स्टाफ की उपलब्धता आदि की जानकारी प्राप्त की तथा ओपीडी कक्ष, भर्ती वार्ड, स्टोर कक्ष और शौचालय का निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिये। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की ईएनसी जांच करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें