बुंदेलखंड की धरती पर राजनीतिक संग्राम, झांसी लोकसभा क्षेत्र में पहलवानों ने ठोकी ताल
क्या राम लहर में भी बीजेपी लगा पाएगी जीत की हैट्रिक ?
(छतरपुर) बुंदेलखंड की धरती पर राजनैतिक सरगर्मी हमेशा तेज रहती है। झांसी लोकसभा क्षेत्र पर समय- समय पर कई राजनैतिक दलों का कब्जा रहा है। यूपी में लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। राजनीतिक दलों ने सक्रियता बढ़ा दी है। ऐसे में बुंदेलखंड की राजनीति में अहम मानी जाने वाली सीट झांसी ललितपुर पर भी राजनीतिक पार्टियों की गतिविधियां तेज होती जा रही हैं।
झांसी लोकसभा सीट पर अभी तक का राजनैतिक सफर
बात अगर झांसी लोकसभा सीट पर राजनैतिक सफर की करें तो आजादी के बाद यहां पर अभी तक 17 बार चुनाव हो चुके हैं। इसमें से 6 बार बीजेपी, 9 बार कांग्रेस, एक एक बार भारतीय लोक दल बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज है। आखिरी बार 2019 में भाजपा के प्रत्याशी अनुराग शर्मा ने 8,05,351 वोट हासिल कर सपा- बसपा गठबंधन के प्रत्याशी श्यामसुंदर सिंह यादव को हरा दिया था। दोनों प्रत्याशियों के बीच लगभग 3,63,328 वोटों का अंतर रहा था। अब कहानी 2024 पर आकर अटक गई है, देखना होगा की इस बार झांसी की जनता किसको चुनती है।
क्या कहता है इस सीट का जातीय समीकरण ?
लोकसभा चुनाव में झांसी और ललितपुर जनपद की पांचों विधानसभाओं के 20,39,741 मतदाता हैं। यहां पर हिंदू आबादी का ज्यादा बोलबाला है। पूरी आबादी की कुल 91 प्रतिशत आबादी हिंदू है। बची 9 में से 7 प्रतिशत आबादी मुसलमान समाज की है। इस सीट में ब्राहम्ण, जैन, कुशवाहा, कोरी, साहू जैसी जाति से संबधित लोग ज्यादा पाए जाते है। इस सीट पर होने वाले चुनावों में जातियां अहम रोल निभाती आ रही है। पुरुष महिला प्रतिशत की बात करें तो पिछले लोकसभा चुनाव में 53 प्रतिशत पुरुष और 46 प्रतिशत महिलाओं ने भाग लिया था।
5 विधानसभाओं के समीकरण
झांसी लोकसभा सीट के अंतर्गत 5 विधानसभा सीटें आती है। वर्तमान में इस लोकसभा सीट की सभी 5 विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक है । झांसी और ललितपुर जनपद की पांचों विधानसभाओं के 20,39,741 मतदाता हैं, इसमें ललितपुर से दो सीटें महरौनी व ललितपुर हैं और झांसी से बबीना, सदर सीट व मऊरानीपुर है।
पिछले दो लोकसभा चुनावों के परिणाम
बात 2014 लोकसभा चुनाव में हर तरफ मोदी लहर थी। इसी के चलते भाजपा की दिग्गज नेता उमा भारती ने झांसी लोकसभा सीट से पर्चा भरा। इनके विरोध में सपा से चन्द्रपाल सिंह यादव व बसपा की अनुराधा शर्मा रहीं मैदान में आई। दोनों प्रत्याशियों को पीछे छोड़ते हुए उमा भारती ने इस सीट पर कमल खिलाया और जीत दर्ज की । दूसरे नंबर पर सपा और तीसरे पर बसपा रही । बात 2019 लोकसभा चुनाव की करें तो 2019 में भाजपा से अनुराग शर्मा जीते, दूसरे नम्बर पर सपा से श्यामसुंदर सिंह यादव व तीसरे नम्बर पर कांग्रेस से शिवनारायण रहे, 2019 के लोकसभा चुनाव में कुल 13,80,890 वोट पड़े थे। जिसमें से अनुराग शर्मा ने 809272 प्राप्त कर जीत हाशिल की थी।
