लोकसभा निर्वाचन 2024 : मतदान दलों के प्रथम प्रशिक्षण कार्य का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने किया औचक निरीक्षण

पहले दिन 8769 मतदान कर्मियों के लिए दो पालियों में प्रशिक्षण हुआ आयोजित निर्वाचन संपन्न कराने में मतदान दलों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह

(छिन्दवाडा)   लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए मतदान कर्मियों का दो दिवसीय प्रथम प्रशिक्षण आज से प्रारंभ हो गया है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित प्रशिक्षण स्थलों पर यह प्रशिक्षण दो पालियों में विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा दिया जा रहा है। विधानसभा छिंदवाड़ा में महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिन्दवाड़ा में आयोजित प्रशिक्षण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लेने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शीलेन्द्र सिंह सुबह अचानक पहुंचे और प्रशिक्षण के सभी 15 कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान दलों से वन टू वन चर्चा की और  आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए उनका उत्साह भी बढ़ाया। निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, नोडल अधिकारी मैनपावर एवं उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र सिंह, नोडल अधिकारी प्रशिक्षण एवं सहायक आयुक्त श्री सतेंद्र सिंह मरकाम व राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री राजेंद्र ठाकुर उपस्थित थे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने मतदान दलों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निर्वाचन संपन्न कराने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका मतदान दलों की होती है। सभी पीठासीन अधिकारी, पी 1, पी 2, पी 3 अपने इस महत्वपूर्ण दायित्व की महत्ता को समझें और पूरे उत्साह व आत्मविश्वास के साथ मतदान कराने के लिए प्रशिक्षण के माध्यम से तैयार हों। प्रशिक्षण के दौरान हर एक जिज्ञासा का समाधान प्राप्त करें, कोई भी डाउट हो तो बिना किसी संकोच के मास्टर ट्रेनर से पूछें और उसे दूर करें। थ्योरी के प्रशिक्षण के साथ ही ईवीएम मशीन के संचालन, मॉकपोल करना, ईवीएम मशीन की प्रेस एरर व लिंक एरर को दूर करना, मतपत्र लेखा और पीठासीन की डायरी को भली-भांति भरना आदि सभी की ट्रेनिंग अच्छे से प्राप्त करें। आप सभी जिला निर्वाचन कार्यालय की टीम हैं, एक परिवार हैं, आप अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें, मैं आपके साथ हूं, लेकिन जानबूझकर लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी। उन्होंने मतदान सामग्री वितरण और वापसी के दौरान बरतने वाली सावधानियों पर भी प्रकाश डाला और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी मार्गदर्शन दिया। साथ ही मतदान दलों के प्रशिक्षण के दौरान उनकी सुविधा का ध्यान रखते हुए प्रशिक्षण स्थल पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें