खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने बदला उम्मीदवार

दूसरी बार डॉ. मनोज यादव का टिकट काट कर पूर्व विधायक श्रीमती मीरा दीपक यादव को उतारा
(छतरपुर) मध्यप्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट के लिए समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बदल दिया है। सपा ने वर्तमान सांसद और बीजेपी प्रत्याशी वीडी शर्मा के खिलाफ मनोज यादव का टिकट काटते हुए महिला प्रत्याशी निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक श्रीमती मीरा यादव को मैदान में उतारा है। उनके पति दीप नारायण सिंह दीपक यादव उत्तर प्रदेश विधानसभा में झांसी जिले की गरौठा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं।
डॉ. मनोज यादव को नई जिम्मेदारी, सपा का बने प्रदेश अध्यक्ष…
पार्टी ने डॉ. मनोज यादव को नई जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने मध्यप्रदेश सपा का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है। मनोज यादव भोपाल के रहने वाले हैं। वे मध्य प्रदेश सपा के महासचिव रह चुके हैं। इसके अलावा 2014 में विदिशा लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं।
दूसरी बार कटा मनोज याटव का टिकट….
समाजवादी पार्टी ने दूसरी बार मनोज यादव का टिकट काटा है। इससे पहले पार्टी ने एमपी विधानसभा चुनाव 2023 में छतरपुर जिले के बिजावर से मनोज को टिकट दी थी, लेकिन बाद में उनकी टिकट काट दी गई थी। उसके बाद बिजावर विधानसभा सीट पर सपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था।
वीडी शर्मा से मुकाबला….
खजुराहो लोकसभा सीट से वर्तमान में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सांसद हैं। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी ने एक बार फिर उन्हें इस सीट से प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में सपा प्रत्याशी मीरा यादव का मुकाबला वीडी शर्मा से है।
गठबंधन के तहत सपा को खजुराहो….
कांग्रेस और सपा के गठबंधन के तहत मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गई है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने इस सीट पर मिलकर बीजेपी से लड़ने की तैयारी की है।
खजुराहो लोकसभा चुनाव….
खजुराहो लोकसभा में चंदला, राजनगर, पवई, गुनौर, पन्ना, विजयराघवगढ़, मुड़वारा और बहोरीबंद विधानसभा आती हैं। इस सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रेल को मतदान होगा। बता दें कि साल 2004 से लगातार इस सीट पर बीजेपी जीत हासिल करती आ रही है। प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती भी इस सीट से चार बार बीजेपी सांसद रह चुकी हैं।