बरही थाना क्षेत्र के जाजागढ़ स्थित खदान के पास बंद बोरे में रस्सी से बंधी मिली युवक की लाश
हत्या के बाद शव फेंक कर भाग निकले अज्ञात आरोपी, पुलिस कर रही तहकीकात
(बरही) बरही थाना अंतर्गत ग्राम जाजागढ़ स्थित एक खदान के पास आज 4 जून की सुबह एक युवक की लाश बोरे में बंद रस्सी से बंधी हुई मिली जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के तत्काल बाद बरही पुलिस घटनास्थल पर जा पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेते हुए जांच कार्यवाही प्रारंभ की। मृतक की पहचान बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम छिंदिया टोला निवासी लगभग 35 वर्षीय विजय बर्मन नामक युवक के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि युवक रविवार को घर से निकला था जिसकी लाश जजागढ़ के समीप स्थित एक खदान के पास पाई गई है। प्रथम दृष्ट्या माना जा रहा है कि विजय की हत्या करने के बाद उसकी लाश को बोरे में बंद करके खदान के समीप फेंक दिया गया। विजय की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। मृतक के सिर में चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। उसकी हत्या किन कारणों से की गई फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
