कार से कर रहे थे गांजा का परिवहन, कैमोर पुलिस ने दो तस्करों को पकड़ा
जुहला बायपास से खरीदे पैकेट, बेचने जा रहे थे कारीतलाई, धनवाही मोड़ पर खड़े मिल गए वर्दीधारी, नशे के कारोबारियों को दबोचा
(कैमोर) गांजा की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को कैमोर पुलिस ने पकड़ा है और कार्रवाई की है। तस्कर जुहला बायपास से गांजा के पैकेट लेने के बाद बेचने के लिए कारीतलाई जा रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और कार बरामद कर ली है। मुखबिर द्वारा सूचना दी गई थी कि दो व्यक्ति एक कार में सवार होकर कैमोर होते हुए कारीतलाई की तरफ गांजा लेकर जा रहे हैं। खबर मिलते ही पुलिस एक्टिव मोड पर आ गई। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना से अवगत कराने के साथ ही गांजा तस्करों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई।
तस्करों को पकड़ने पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डाॅक्टर संतोष डहेरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ के पी सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कैमोर अरविंद कुमार चैबे द्वारा उप निरीक्षक दिनेश करोसिया, उपनिरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक प्रेमशंकर पटेल, आरक्षक सुशील पटेल, आरक्षक अजीत तिवारी, आरक्षक अंकुल बागरी, आरक्षक विनोद गायकवाड़ की टीम गठित करके रवाना किया गया। मुखबिर के बताए स्थान पर जाकर पुलिस ने जाल बिछाया।
कार की बीच वाली सीट पर रखे थे गांजा के पैकेट
पुलिस की निगाहें मुखबिर के बताए अनुसार वाहन को तलाश ही रही थीं तभी धनवाही मोड़ पर कार क्रमांक एमपी 20 सीएम 7029 आती दिखी जिसे पुलिस द्वारा रोका गया और जांच की तो देखा की कार के अंदर दो व्यक्ति बैठे हुए हैं। पूछताछ में कार में ड्राईवर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम पता दीपक सिंह ठाकुर पिता दिलदार सिंह ठाकुर उम्र 35 साल, निवासी रोशननगर एनकेजे एवं बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम पता अम्बरीश सिंह उर्फ मंटू पिता राजेन्द्र सिंह चैहान उम्र 40 साल, निवासी ग्राम जूहली थाना एनकेजे बताया। कार की तलाशी लेने पर बीच वाली सीट में एक सफेद बोरी मिली जिसमें मादक पदार्थ यानी गांजा के 3 पैकेट पाए गए।
30 हजार का गांजा किया गया जब्त
एसडीओपी केपी सिंह ने बताया कि गांजा सहित कार और तस्करों को पकड़ कर पुलिस द्वारा थाने लाया गया और पूछताछ की गई जिसमें उन्होंने बताया कि आरोपियों ने जुहला बायपास से किसी अज्ञात व्यक्ति से गांजा के पैकेट लिए थे और बेचने के लिए कारीतलाई जा रहे थे। जब्त किए गए 2 किलो 964 ग्राम गांजा की कीमत लगभग 30 हजार रूपए बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
✍️ (अजय त्रिपाठी)
RPKP INDIA NEWS
कैमोर
