विश्वविद्यालय के साथ-साथ खरगोन को प्रधानमंत्री उत्कृष्ट महाविद्यालय की सौगात
(खरगोन) मध्य प्रदेश शासन द्वारा खरगोन में क्रांति सूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ-साथ 12 जून 2024 को पीजी महाविद्यालय खरगोन को प्रधानमंत्री उत्कृष्ट महाविद्यालय घोषित किया गया। खरगोन जिले कोमुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दो सौगात देने पर महाविद्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक खरगोन तथा पूर्व कृषि मंत्री श्री बालकृष्ण पाटीदार द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
विधायक श्री पाटीदार ने कहा कि इस क्षेत्र की जनता द्वारा लंबे समय से कृषि महाविद्यालय की मांग की जा रही थी जिसे मुख्यमंत्री द्वारा पूरा किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा जिले के विद्यार्थियों के लिए एक नई सौगात के रूप में बीएससी फार्मास्यूटिकल कोर्स एवं बीकॉम बैंकिंग एवं फाइनेंस की स्वीकृति दी है। इस प्रकार बीएससी बायोटेक्नोलॉजी एवं बीएससी कंप्यूटर की पढ़ाई भी उत्कृष्ट महाविद्यालय में होगी। विधायक श्री पाटीदार ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन की इच्छा है कि महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय में अधिक से अधिक व्यावसायिक पाठ्यक्रम चलाए जाएं जिसकी शुरुआत हो गई है। आगामी वर्षों में हॉर्टिकल्चर बैचलर ऑफ़ जर्नलिज्म, बीपीएड, प्रबंधन के पाठ्यक्रम इत्यादि भी शुरू किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले पांच उत्कृष्ट महाविद्यालयों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किये जा रहे हैं।
शासन द्वारा विश्वविद्यालय को 130 एकड़ भूमि का आवंटन कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की आधारभूत संरचना के विकास के लिए शासन द्वारा 150 करोड रुपए तथा 10 करोड रुपए अध्यापन कार्य के लिए स्वीकृत किए हैं। विश्वविद्यालय में अध्यापन के लिए 140 शैक्षणिक पद, 14 प्रशासकीय पद तथा 81 गैर शैक्षणिक पद स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार कुल 235 पदों की स्वीकृति विश्वविद्यालय को प्रदान की गई है।
इस अवसर पर कुल सचिव डॉ. जीएस चौहान, जन भागीदारी समिति अध्यक्ष श्री दीपक कानूनगो, प्राचार्य डॉ. आरएस देवड़ा, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉक्टर एसडी पाटीदार, आईटी प्रभारी श्री हरीश पूरे, डॉ गणेश पाटिल, श्री गोविंद यादव, श्याम गुप्ता तथा प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारगण उपस्थित रहे।
