शिवधाम कुण्डेश्वर में नदी के घाट पर गंगा आरती आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन
(टीकमगढ़)जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन एवं गंगा दशहरा के अवसर पर शिव धाम कुंडेश्वर में गंगा आरती का कार्यक्रम कुंडेश्वर नदी घाट पर आयोजित किया गया। प्राचीन कुंड के घाटों पर 101 दीपक 101 घडे और रंगोली से आकर्षक सजावट की गई। कलेक्टर श्री अवधेश शर्मा ने कार्यक्रम में पूजन-अर्चन कर महाआरती की तथा बडी संख्या में शामिल महिला एवं पुरूषों ने भी आरती की। इस दौरान जिले के समस्त नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी गंगा आरती का आयोजन किया गया तथा प्रदेश स्तर पर उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर माननीय मुख्यमंत्री डॉ0 मोहन यादव की उपस्तिथि में आयोजित कार्यक्रम गंगा आरती का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
ज्ञातव्य है कि जिले के समस्त नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 5 जून से चलाया जा रहा जल गंगा संवर्धन विशेष अभियान रविवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। अभियान के माध्यम से जिले भर में नदी, तालाबों, कुओं, बावडी और अन्य जल स्त्रोंतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए जनसहयोग से कार्य किए गए।
