पीएम आवास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने आवास परिसर में किया पौधारोपण
(विदिशा) अंकुर अभियान एवं एक पौधा मां के नाम अभियान अंतर्गत विदिशा जिले में वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम में आज विदिशा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में निवासरत पीएम आवास योजना से लाभांवित हितग्राहियों के आवास परिसरों में पौधारोपण किया गया है। हितग्राहियों ने स्वयं अपने आवासों के परिसर में पौधे लगाए हैं और उन्हें वट वृक्ष बन जाने तक संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया है। हितग्राहियों पौधारोपण के प्रति जन जागरूकता के लिए दिए गए संदेश में कहा है कि यह जो पौधे आज हम रोपेंगे, उन्हें संरक्षित रखेंगे तो कुछ वर्षों में ही यह पौधे हमें ठंडी हवा, छांव व फल-फूल प्रदान करेंगे इससे पर्यावरण भी बेहतर बनेगा और हमें शुद्ध वायु भी प्राप्त होगी इसलिए सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाना चाहिए।
विदिशा जिले की जनपद पंचायतों अंतर्गत आने वाले ग्रामों में आवास योजना के हितग्राहियों के आवास परिसरों में पौधारोपण हुआ है उनमें ग्राम पंचायत चिड़ोरिया में हितग्राही के आवास परिसर में कटहल, पुरेनिया में नीम का पौधा, मढ़ियाधामनोद में आम का पौधा, लखंगार और रकोली में आम का पौधा, सीहोद में इमली और गुलमोहर का पौधा, ग्राम वन में आम और जामुन का पौधा, ग्राम पौआनाला में नीम का पौधा तथा ग्राम मढ़िपुर में अमरूद सहित अन्य प्रजातियों के पौधे रोपे गए हैं। इसके साथ ही जिले के अन्य ग्रामों में भी पीएम आवास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों के आवास के परिसरों में पौधे लगाए गए हैं।
