सामूहिक सहभागिता से ही गांवो में होगी स्वच्छता
(जबलपुर) जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जयति सिंह के निर्देशानुसार अब ‘जबलपुर ग्रामीण में प्लास्टिक मुक्त अभियान’ चलाया जाएगा। इसी उद्देश्य से जिला स्तर पर एक कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसमें क्लस्टर बनाकर आस-पास की ग्राम पंचायतों को क्लस्टर में शामिल किया जाएगा और वेस्ट प्लास्टिक संग्रह कर क्लस्टर स्तर पर लाया जाएगा,फिर उस वेस्ट प्लास्टिक को क्लस्टर स्तर से ‘रद्दीवाला फर्म’ को दिया जावेगा। इस तरह जिले में कुल 32 क्लस्टर चिन्हित हुए है जिसमें 180 ग्राम पंचायतें सम्मिलित है। इन ग्राम पंचायतों में साप्ताहिक अनुमानित 6553 कि.ग्रा. वेस्ट प्लास्टिक निकलेगा, जिसे विक्रय कर एवं ग्राम पंचायतों में स्थित बल्क वेस्ट जनरेटर से क्रय के माध्यम से ग्राम पंचायत की आय होगी। जिससे पूरी व्यवस्था का संचालन किया जायेगा। इसी संदर्भ में आज जनपद पंचायत जबलपुर एवं कुण्डम में चिन्हित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक एवं स्वच्छतावीर उपस्थित रहें, जिसमें प्लास्टिक वेस्ट के संदर्भ में जनपद पंचायत जबलपुर में आयोजित प्रशिक्षण में रद्दीवाला फर्म के संचालक यूसुफ सैफी ने अपने विचार रखे। दोनों जनपदों में आयोजित प्रशिक्षण में जिले से अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मनोज सिंह ने 15वां वित्त आयोग में स्वच्छता में प्रावधानित राशि के बारे में विस्तृत जानकारी दी एवं उनका किस प्रकार से उपयोग किया जाना है उसके बारे में विस्तार से बताया गया। जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन श्री अरूण सिंह द्वारा उक्त अभियान में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक की भूमिका के बारे में प्रेजेन्टेशन के माध्यम से बताया गया एवं आगामी दो दिवस में सभी ग्राम पंचायत अपनी कार्ययोजना तैयार करेगें। इस अभियान की शुरूआत जनप्रतिनिधियों के द्वारा एक साथ जिले में किया जावेगा। जनपद पंचायत कुण्डम में प्रशिक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं ब्लाक समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन उपस्थित रहे। उक्त दोनों कार्यशाला में इस संबंध में श्री राहुल गुप्ता द्वारा प्रेजेन्टेशन दिया गया।
