विश्व युवा कौशल दिवस पर शासकीय आईटीआई में निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित
(बैतूल) मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशा के अनुरूप विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य श्री केशव सातपूते ने बताया कि निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिता, समूह चर्चा, नवाचार आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यावरण विद एवं समाजसेवी बैतूल श्री मोहन नागर, अध्यक्ष उद्योग संघ बैतूल श्री बृज आशीष पांडे, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र श्री रोहित डाबर एवं पूर्व प्राचार्य श्री चंदेलकर उपस्थित रहे।
समाजसेवी श्री मोहन नागर ने युवाओं को अपने कौशल के माध्यम से स्वावलंबन एवं कार्य के प्रति लगनशीलता के साथ अपने-अपने कार्य क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया। श्री बृज आशीष पांडे ने कहा कि किसी भी कार्य को छोटा नहीं मानना चाहिए तथा निरंतर कार्यशील रहने हेतु प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित किया।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अतिथियों द्वारा संस्था परिसर में पौधों का रोपण कर उनकी सुरक्षा का संकल्प दिलाया गया। साथ ही युवा कौशल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान अतिथियों द्वारा संस्था का भ्रमण किया गया एवं प्रशिक्षणार्थियों द्वारा निर्मित मॉडल का अवलोकन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के टीओ श्री टीसी मेश्राम एवं एंजिला डेहरिया ने किया।
