वृक्षों से आच्छादित हो हमारा परिवेश पौधा लगाएं और यह संकल्प लें कि उसकी देखभाल भी करेंगे -मंत्री श्री राजपूत
वृक्ष हमारे लिए पूजनीय, अभियान का हिस्सा बनें और पौधारोपण अवश्य करें -विधायक श्री लारिया
उन्होंने कहा की मात्र पौधा लगाना मकसद नहीं है बल्कि पौधे की परिवार के सदस्य जैसी जिम्मेदारी समझते हुए देखभाल करना भी जरूरी है। उन्होंने इस अभियान को स्वच्छता मिशन से जोड़ते हुए कहा कि हम यदि स्वच्छ वायु, ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण चाहते हैं तो वृक्षों का उसमें सबसे अहम योगदान है। हमारा वातावरण स्वच्छ रहे इसके लिए हमारा परिवेश वृक्षों से आच्छादित होना आवश्यक है। इस अवसर पर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक श्री प्रदीप लरिया, श्री गौरव सिरोठिया, संभाग कमिश्नर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, पुलिस महा निरीक्षक श्री प्रमोद वर्मा, कलेक्टर श्री दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी, नगर निगम कमिश्नर श्री राजकुमार खत्री, एडीएम श्री रुपेश उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र छात्राएं मौजूद थे।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुसार आज बच्चा-बच्चा पेड़ लगा रहा है। समाज का हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पौधारोपण कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज हम जो पौधा रोप रहे हैं वह कल हमारा सच्चा मित्र बनकर बड़ा होगा हमें फल देगा, छाया देगा और हमारे वातावरण को स्वच्छ रखेगा। इसलिए पौधे के लिए आवश्यक पानी, खाद सभी उचित मात्रा में मिले इसकी भी व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि हम अपने मां, पिता के नाम पर पेड़ लगाते हैं और हमारे द्वारा आज लगाए गए पौधे वर्षों तक जीवित रहकर लोगों को हमारा स्मरण कराते हैं। उन्होंने कहा व्यक्ति रहे ना रहे उसके द्वारा लगाया गया पौधा वर्षों तक संबंधित व्यक्ति का स्मरण कराता है।
इस अवसर पर नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ने कहा कि प्रकृति ने हमें बहुत कुछ दिया है और हमें भी प्रकृति को देने की आवश्यकता है। एक पेड़ मां के नाम अभियान हमें यह अवसर देता है कि प्रकृति के प्रति हम अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में भी वृक्ष पूजनीय हैं। वे हमें जीवन जीने के लिए अति आवश्यक आक्सीजन प्रदान करते हैं। हमारी परंपरा में जहां कंकड़-कंकड़ शंकर है.. ऐसी मान्यता है वहां पेड़ पौधों वृक्षों की भी अहम भूमिका है। अतः सभी आगे आएं और एक पेड़ अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल भी करें।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्री मिहीलाल अहिरवार, श्रीमती शारदा खटीक, अपर कलेक्टर श्री रुपेश उपाध्याय, श्री दिनेश कुमार कौशल, संयुक्त कलेक्टर श्री गगन विषेन, श्रीमती अदिति यादव, श्रीमती जूही गर्ग, श्रीमती भव्या त्रिपाठी, श्री विजय डहेरिया, श्री एस. एस. बघेल, स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राएं, स्वयं सेवी संस्थाओं के पदाधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार साथी, जिला, वन विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में जन समुदाय मौजूद था। कार्यक्रम का संचालन स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय के डॉ. अनिल तिवारी ने किया, जबकि आभार नगर पालिका मकरोनिया के अध्यक्ष श्री मिहीलाल अहिरवार ने माना।
