धरती मां के श्रृंगार के लिए वृक्षारोपण के अलावा विकल्प नहीं-राजेन्द्र शुक्ल
मानस संघ और ग्राम पंचायत मतहा के तत्वाधान में हरियाली महोत्सव रामवन में रोपे गये 2500 से अधिक पौधे
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद गणेश सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज देश ही नहीं पूरी दुनिया की समस्या बनती जा रही है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पर्यावरण के संतुलन के लिए एक पेड मां के नाम लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में सबसे बडे भू-भाग 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में भारत देश में वृक्षारोपण हुआ है। हर व्यक्ति की भागीदारी पर्यावरण संरक्षण में होनी चाहिए। हरियाली महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए सांसद ने जिले वासियों से अपील की कि घर में, बगीचे में, खेत, खलिहान, पंचायत भवन कहीं भी सुरक्षित जगह पर एक पेड मां के नाम जरूर लगाये और उसका पालन-पोषण अपने बच्चों की तरह करते हुए वृक्ष का रूप दें।
विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि पेड़ों से हमें ऑक्सीजन प्राणवायु मिलती है। मानव के जीवन में आक्सीजन का कितना महत्व है। यह कोरोना काल में सभी ने देखा है। उन्होंने कहा कि भूटान जैसे देश में 60 प्रतिशत भू-भाग में जंगल है। इसलिए वहां की जलवायु सेहतमंद है। वृक्ष लगा देना ही महत्वपूर्ण नहीं है, उसका पालन-पोशण करना भी हमारा कर्तव्य है। विधायक ने रामवन में सोलर लाईट के लिए विधायक निधि से राशि स्वीकृत करने की बात कही। विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने कहा कि वृक्षारोपण से पवित्र कार्य दूसरा नहीं हो सकता। हर व्यक्ति अपने घर के सामने और आंगन में एक-एक पेड़ जरूर लगायें। महापौर योगेश ताम्रकार ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में अब तक 5 हजार से अधिक पौधे सुरक्षित स्थानों में लगाये गये हैं। पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं हैं, उन्हें संरक्षित रखना भी जरूरी है। महापौर ने कहा कि नगर निगम सतना क्षेत्र में 21 हजार पौधे इस वर्ष और लगाये जायेंगे। जिसमें 15 अगस्त को एक दिन में 11 हजार पौधे एक साथ 11 हजार लोगों द्वारा लगाने की कार्य योजना बनाई गई है।
मानस संघ रामवन के संयोजक अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि प्रसिद्ध स्थल रामवन में मानस संघ और ग्राम पंचायत मतहा के तत्वाधान में हरियाली महोत्सव में ढाई हजार पौधे एक साथ लगाये गये हैं। जिनमें रीवा की श्रीमती मीना बंसल ने अपने पति की स्मृति में 500 पौधे संरक्षित करने 2 लाख रूपये तथा सतना के मेहरोत्रा बिल्डिकान के अतुल मेहरोत्रा के पुत्र ने अपनी मां की स्मृति में 500 पौधे संरक्षित करने 2 लाख रूपये का योगदान किया है। कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने दीप प्रज्जवलन कर किया और कार्यक्रम समापन पश्चात रामवन के मेला ग्राउण्ड के दूसरी ओर आयोजित वृक्षा रोपण कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने एक-एक पौधे का रोपण किया।
