जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले पांच वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर निगम आयुक्त से की चर्चा

पर्याप्त संख्या में स्ट्रीट लाइट लगाने, बोरिंग करने, संजीवनी क्लिनिक बनाने और श्मशान घाट के निर्माण और सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश
जल भराव वाले क्षेत्रों में जल के समुचित निकास और गड्डों के भराव के भी दिए गए निर्देश

(इन्दौर)  जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने यहां सांवेर विधानसभा में आने वाले नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सांवेर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले नगर निगम के वार्ड क्रमांक 18, 19, 35, 36 और 76 के विभिन्न कार्यों के संबंध में चर्चा की। जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने चर्चा के दौरान उपरोक्त वार्डों में पर्याप्त संख्या में बोरिंग करने, स्ट्रीट लाइट लगाने, संजीवनी क्लिनिक बनाने और श्मशान घाट के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जल भराव वाले क्षेत्रों में पानी के समुचित निकास और गड्डों के भराव के संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने वार्डवार किए जाने वाले कार्यों के संबंध में चर्चा की। बैठक में वार्ड क्रमांक 18-19, 35-36 और 76 के तालाबों के सौंदर्यीकरण, पांचों वार्डों में 100 बोरिंग करने, 1000 स्ट्रीट लाईट लगाने, संजीवनी क्लीनिक के निर्माण, श्मशान घाट का निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी बारिश को देखते हुए जल भराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी की व्यवस्था करने, सभी वार्डों में कीचड वाले स्थानों पर गिटटी-चुरी डालकर भराव करने, बारिश को देखते हुए सभी क्षेत्रों में निरन्तर विद्युत व्यवस्था और सभी क्षेत्रों में खुली डीपी और खुले बिजली के तारों और खम्बों में करंट न लगे इस हेतु एक्सीडेंट से बचाव की व्यवस्था, निरंजनपुर चौराहा-देवास नाका के यहां से मांगलिया टोल रोड तक सेंटर स्ट्रीट लाईट बंद हैं,उन्हें चालू कराने, वार्ड कमांक 36 के जलसा गार्डन से शिशुकुंज स्कूल तक आने वाली मार्ग पर सड़क एवं स्ट्रीट लाईटें बंद हैं उन्हें चालू  करवाने,  वार्ड क्रमांक 18, 19, 35, 36 एवं 76 के सभी सड़कों एवं नेशनल हाईवे पर आने वाले मुख्य चौराहों एवं सर्विस रोड़ पर हाई मास्ट लगाने, वार्ड क्रमांक 18 के लंदन विला, करोलबाग, प्रीमियम पार्क, कालिंदी गोल्ड को एमआर-10 से जोड़ने वाले मार्ग पर स्ट्रीट लाईटें लगाने, वार्ड क्रमांक 18, 19, 35, 36 एवं 76 की कालोनियों में पेयजल समस्या का निराकरण हेतु नर्मदा-शिप्रा लिंक परियोजना अन्तर्गत बड़ी कालोनियों में फिल्टर प्लांट डालकर पेयजल वितरण करने, अरविन्दो हॉस्पिटल, लोटस पार्क सहित आसपास की सभी कालोनियों में नर्मदा लाईन डालने एवं पेयजल हेतु नवीन टंकियों का निर्माण करने आदि पर चर्चा की गई।

इसी तरह कहा गया कि वार्ड कमांक-36 में अमृत योजनान्तर्गत अरण्डिया और मायाखेड़ी में नवीन पानी की टंकी के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करें। शासन को प्रस्ताव बनाकर भिजवायें, जिससे कि बजट में शामिल किया जा सके। अरण्डिया, मायाखेडी और निपानिया का तालाब सौन्दर्यीकरण, अरण्डिया हायर सेकेण्डरी स्कूल भवन का निर्माण, एडवांस एकेडेमी पिपलियाकुमार रोड़ का निर्माण स्वीकृत है, उसका निविदा की कार्यवाही कर निर्माण कार्य प्रारभ करने, अमृत पैलेस, समर पार्क, पावनधाम, निपानिया गांव, पिपलियाकुमार गांव दीप पैलेस में पेवर ब्लाक लगाने,  अरण्डिया,  मायाखेडी और निपानिया में श्मशान घाट का सौन्दर्यीकरण करने के कार्य किये जायें।

इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 35 में एमआर-11 और 12 पर मकान टूटने वाली कार्यवाही पर चर्चा की गई। इस वार्ड में अमृत योजनान्तर्गत पंचवटी कालोनी में नवीन पानी की टंकी का निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भिजवाने ताकि बजट में शामिल हो, बजरंग नगर तोडा से तलावली चांदा तक ड्रेनेज लाईन, बजरंग नगर, लसुडिया मोरी में, कांकड बस्ती में सड़क एवं ड्रेनेज लाईन डालना, लसुडिया मोरी तालाब का सीमांकन कर सौन्दर्यीकरण एवं नाले पर अतिक्रमण हटाकर सफाई कराना, बॉम्बे हास्पिटल स्थित नवीन झोन कमांक 22 में कार्यालय व्यवस्था संचालन हेतु झोन आफिसर और स्टाफ और मशीनरी संसाधन, तलावली चांदा और भानगढ़ में सडक एवं ड्रेनेज लाईन डालना आदि पर चर्चा की गई।

इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 76 में अमृत योजनान्तर्गत कनाडिया में नवीन पानी की टंकी का निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भिजवाने, अहिल्या बावडी का जीर्णोद्वार एवं सड़क निर्माण, तिलक नगर सेक्टर-बी टिगरियाराव में सड़क निर्माण, वार्ड क्रमांक 18 में अमृत योजनान्तर्गत अरविन्द, भवरासला एरिया में नवीन पानी की टंकी का निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भिजवाने ताकि बजट में शामिल हो,अरविन्दो हॉस्पिटल के पास स्थित तालाब का गहरीकरण एवं सौन्दर्यीकरण करने आदि विषयों पर भी चर्चा की गई।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें