टीएल बैठक में कलेक्टर ने की समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा और अधिकारियों को दिये निर्देश

(खरगोन)  कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने अधिकारियों की बैठक लेकर समय सीमा संबंधी प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, श्री जेएस बघेल, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, एसडीएम श्री भास्कर गाचले, डिप्टी कलेक्टर श्री सत्येन्द्र बैरवा एवं सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उपस्थित थे।

बैठक में 09 अगस्त से प्रांरभ किये गए हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान करने और इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हर घर तिरंगा अभियान के लिए जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में भुगतान के आधार पर क्रय करने के लिए पर्याप्त संख्या में तिरंगे झण्डे उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस में भी तिरंगा झण्डा विक्रय के लिए उपलब्ध रखने कहा गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 15 अगस्त तक हर व्यक्ति अपने घर पर तिरंगा झण्डा लगाएं। तिरंगा झण्डा ध्वज संहिता एवं मापदण्डों का पालन करते हुए फहराना है। तिरंगे झण्डे का किसी भी कीमत पर अपमान नहीं होने देना है। बैठक में बताया गया कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 13 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड से पैदल यात्रा निकाली जाएगी। इसमें सभी लोगों को शामिल होने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर श्री शर्मा ने ई-श्रम पोर्टल पर श्रमिकों के सत्यापन का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को श्रमिकों के सत्यापन का कार्य पूरी संजीदगी के साथ समय सीमा के भीतर पूर्ण करने कहा गया। बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ, कृषि एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले में कहीं पर भी खुला बोरवेल नहीं होना चाहिए। सभी अधिकारी इस आशय का प्रमाण पत्र शीघ्रता से प्रस्तुत करें। वर्षा के दिनों में पुल-पुलियों और रपटों पर पानी होने की दशा में किसी भी व्यक्ति को उसे पार न करने देने के निर्देश दिए गए। जिले में जीर्ण-शीर्ण हो चुके भवन जिनके गिरने से जनहानि की आशंका हो उन्हें शीघ्रता से गिराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्देशित किया गया कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में दो पहिया वाहन से आने वाले व्यक्तियों को हेलमेट लगाना अनिवार्य होगा। हेलमेट नहीं लगाकर आने पर चालान की कार्यवाही की जाएगी। बैठक में बताया गया कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में 09 स्थानों पर बैंक शाखा प्रारंभ की जाना है। इसके लिए संबंधित जनपद पंचायत के सीईओ को भवन एवं नेट कनेक्टिविटी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में लापरवाही पाये जाने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी गई। बैठक में सभी अधिकारियों से कहा गया कि संक्रामक बीमारियों की रोकथाम एवं बचाव के लिए अपने घरों के आसपास एवं कार्यालय परिसरों में स्वच्छता बनाएं रखें। घरों एवं कार्यालयों में कबाड़ एकत्र न होने दें और मच्छरों को न पनपने दें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें