अतीत के गौरव, वर्तमान कर्तव्यनिष्ठा और भविष्य के सपनों का प्रतिबिम्ब है तिरंगा – ऊर्जा मंत्री श्री तोमर
वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल से ऊर्जा मंत्री की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा
इस अवसर पर ग्वालियरवासियों को साधुवाद देते हुए ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि हमारा तिरंगा केवल तीन रंगों को ही स्वयं में नहीं समेटे है। यह तिरंगा, हमारे अतीत के गौरव, हमारी वर्तमान की कर्तव्यनिष्ठा और भविष्य के सपनों का भी एक प्रतिबिंब है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हमारा तिरंगा भारत की एकता, अखंडता और भारत की विविधता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा हमारे सेनानियों ने तिरंगे में देश का भविष्य देखा, देश के सपने देखे और इसे कभी झुकने नहीं दिया। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद जब हम एक नए भारत की यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं, तिरंगा एक बार फिर देश की एकता और चेतना का प्रतिनिधित्व कर रहा है।
मंत्री श्री तोमर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देश के साथ समूचे मध्यप्रदेश में हो रही तिरंगा यात्राएं हर घर तिरंगा अभियान की शक्ति और निष्ठा का प्रतिबिंब हैं। ऊर्जा मंत्री ने कहा कल 15 अगस्त यानि आजादी की सालगिरह के अवसर पर जिलेभर में तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की अगुवाई में समाज के हर वर्ग, हर जाति और पंथ के लोग हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ रहे हैं।
तिरंगा यात्रा में इनकी भी रही भागीदारी
तिरंगा यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी सहित सर्वश्री उपेंद्र बैस, दारा सिंह सेंगर, धर्मेन्द्र राणा, विनय जैन, विनोद शर्मा, राजू सेंगर, अशोक शर्मा, दीपक शर्मा, श्रीमती करुणा सक्सेना, प्रतीक तिवारी, जगत सिंह कौरव, योगेंद्र तोमर, वृज मोहन शर्मा, प्रयाग तोमर, आकाश श्रीवास्तव, सोनू त्रिपाठी, पार्षदगण श्री हरीबाबू शिवहरे व श्री महेन्द्र आर्य सहित बड़ी संख्या में शहर के नागरिक तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने अपने घर पर फहराया तिरंगा
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर चलाये जा रहे हर घर तिंरगा अभियान के तहत ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर स्थित निज निवास न्यू कॉलोनी न. 2 पर देश की आन, बान, शान और गौरव का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिंरगा फहराया।
