मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिये शहर की बस्तियों में चलाया जागरूकता अभियान

(ग्वालियर)  मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए शहर की विभिन्न बस्तियों में जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा घर-घर सर्वे कराने के साथ-साथ जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इस कड़ी में लगभग एक दर्जन बस्तियों में मच्छरों को पनपने से रोकने के लिये जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही 294 घरों में सर्वे किया गया, जिसमें से 45 घरों में लार्वा पाए जाने पर नष्ट कराया गया। साथ ही आगे की कार्रवाई की गई। इस कार्य में एम्बेड परियोजना के कार्यकर्ताओं द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है।

शहर में विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर गुब्बारा फाटक, आरामिल, जनकगंज, कम्पू ईदगाह, भैंसाचौकी, रामगढ़, गोल पहाड़िया, गली नंबर-1 नाका चंद्रबदनी, बजाज खाना व दुल्लपुर में स्कूली बच्चों को प्रशिक्षण के साथ-साथ लार्वा सर्वे सामुदायिक बैठकें तथा वाहनों व सार्वजनिक स्थानों पर स्टीकर चिपकाकर आमजनों को मच्छरों से बचाव के लिये प्रेरित किया गया। साथ ही कहा गया कि मच्छरों को पनपने से रोककर हम मलेरिया, डेंगू व मच्छर जनित अन्य बीमारियों से बच सकते हैं।

स्वास्थ्य समिति की पहल पर एम्बेड टीम के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर कबाड़ में पल रहे मच्छरों का लार्वा नष्ट कराया। साथ ही लोगों को सलाह दी कि वे फुल आस्तीन के कपड़े पहनें व पानी के बर्तनों हमेशा ढँककर रखें। पानी के बर्तनों को हर चौथे दिन खाली करने के बाद साफ जरूर करें, जिससे मच्छर न पनपें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें