(खरगोन) पर्यावरण मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम तथा एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस खरगोन के इको क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने 30 अगस्त को शारीरिक शिक्षा हेतु महाविद्यालय को आवंटित भूमि ग्राम मेहरजा, राजपुरा खरगोन में एक पेड़ मां के नाम पौधों का रोपण किया तथा उन्हें सुरक्षित एवं संरक्षित रखने की शपथ ली।प्राचार्य डॉ. शैल जोशी के निर्देशन में किए गए इस पर्यावरण उन्मूखी एवं पर्यावरण शिक्षण संबंधी कार्यक्रम में मानव उपयोगी औषधी को प्रदान करने वाले विविध पौधे जैसे अर्जुन, बहेड़ा, हर्रा, विलायती इमली आदि पौधों का रोपण विद्यार्थियों द्वारा किया गया। डॉ. शैल जोशी ने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम अपने आवास रूपी पृथ्वी को हरा भरा बनाएं तथा प्रदूषित होने से बचाए। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रविंद्र बर्वे ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरुक होकर अपने आसपास के पर्यावरण को सुरक्षित रखने और संरक्षित रखने हेतु प्रेरित किया तथा विद्यार्थियों द्वारा रोपण किए गए पौधों की सुरक्षा तथा संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई एवं विद्यार्थियों को इस पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता हेतु प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संयोजक डॉ. सुरेश अवासे ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी।
इस पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम एवं इको क्लब के प्रभारी प्रो. भूरसिंह सोलंकी ने बताया कि यह कार्यक्रम पर्यावरण मंत्रालय भारत सरकार तथा पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन मध्य प्रदेश शासन भोपाल द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम है। जिसके अंतर्गत मानव समाज के लिए महत्वपूर्ण औषधीयां प्रदान करने वाले पौधे जैसे हर्रा, बहेड़ा, अर्जुन, खैर, विलायती इमली आदि के 35 पौधों का रोपण विद्यार्थियों द्वारा एक पेड़ मां के नाम के अंतर्गत किया गया।
इस कार्यक्रम में इको क्लब के सह-संयोजक प्रो. सी. एल. निंगवाल, एमएसडब्ल्यू के डॉ. संजय कोचक सहित महाविद्यालय के स्टाफ तथा विद्यार्थियों ने सहभागिता की।