कलेक्टर और एसपी ने सुरक्षा की दृष्टि से जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया
ब्लॉक स्तर पर भी अस्पताल परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के निर्देश
(छतरपुर) कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल एवं एसपी श्री अगम जैन ने शाम जिला अस्पताल का सुरक्षा के दृष्टिगत औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ने अस्पताल में लगे सुरक्षाकर्मियों का पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने महिला डॉक्टरों की देर रात ड्यूटी में अस्पताल में आवाजाही के पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए और विशाखा गाइडलाइन के अनुसार समिति की स्थापना करने के लिए कहा। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को ब्लॉक लेवल पर भी समिति का गठन कर सुरक्षा संबंधित इंतजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा अस्पताल के सीसीटीवी कैमरा कार्यशील रहे। उन्होंने कंट्रोल रूम को 24 घंटे एक्टिव करने के निर्देश दिए। एसपी श्री अगम जैन ने डायल 100 को अस्पतालों के पास रखने के निर्देश दिए और ब्लॉक स्तर पर गणेश उत्सव और ईद पर्व की तैयारी के लिए शांति बैठक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा की लॉ एंड ऑर्डर की स्थाई स्थिति बनी रहे। फ्लैग मार्च अपने अपने स्तर पर त्योहारों से पहले निकाले। कलेक्टर श्री जैसवाल ने सर्वर रूम, पुलिस चौकी, ओपीडी, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी का निरीक्षण कर अस्पताल में मरीजों के एंट्री पॉइंट एवं एक्जिट पॉइंट और स्टाफ व डॉक्टर के वेटिंग रूम की जानकारी ली। उन्होंने ऑपरेशन थिएटर, महिला वार्ड के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए निर्देशित किया।
