रक्तदान करने से हमें आत्म संतुष्टि मिलती है: ऊर्जा मंत्री श्री तोमर
जन कल्याण संघर्ष समिति द्वारा ग्वालियर में आयोजित शिविर में 72 लोगों ने किया रक्तदान
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि कई लोग रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों के कारण रक्तदान करने से कतराते हैं, जबकि इससे कोई हानि नहीं होती बल्कि रक्तदान से हमारा शरीर स्वस्थ और चुस्त-दुरुस्त रहता है। अत: हम सभी को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि जन कल्याण संघर्ष समिति द्वारा रक्तदान शिविर लगाकर प्रेरणादायी कार्य किया गया है। पीड़ितों की सेवा से बढ़कर कोई दूसरा कार्य नहीं हो सकता। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि रक्तदान इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका किसी फैक्ट्री में निर्माण नहीं हो सकता। आकस्मिक रूप हुई दुर्घटना में घायल और गंभीर रूप से पीड़ितों का जीवन बचाने के लिए दान किया गया रक्त ही काम आता है। अत: हमें रक्तदान के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि आगामी 8 सितम्बर को जन कल्याण संघर्ष समिति द्वारा रक्तदान करने वाले सभी युवा दानवीरों का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मान किया जाएगा।
