रबी सीजन के पूर्व बहुती नहर और नई गढ़ी-1 एवं 2 माइक्रो इरिगेशन परियोजना का कार्य पूर्ण करें: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
विंध्य क्षेत्र संबंधी जल संसाधन विभाग की सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा की
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा हो जाने से किसानों को व्यापक लाभ मिलेगा। बहुती नहर के निर्माण से 65 हजार हेक्टेयर क्षेत्र और नई गढ़ी-1 एवं 2 के कार्य पूर्ण होने पर 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों के खेतों तक पानी पहुंच सकेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बहुती नहर परियोजना में हो रहे विलंब पर असंतोष व्यक्त किया और कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बहुती कैनाल में एक्वा डक्ट निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किया जाये। साथ ही वितरक कैनाल और सप्लाई कैनाल के उन क्षेत्रों में, जहां सीपेज की समस्या है, तकनीकी निदान कर चैनल निर्माण कार्य समय से पूरा किया जाए। बैठक में मुख्य अभियंता बोधी श्री अनिल सिंह, मुख्य अभियंता रीवा श्री ए.के. देहरिया सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
