जिले में खनिज विभाग ने पिछले लगभग 6 माह में 26.30 करोड़ राजस्व प्राप्त किया
अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ बनाए 236 प्रकरण और 3.43 करोड़ रूपए का लगाया अर्थदण्ड
प्रभारी जिला खनिज अधिकारी श्री प्रदीप भूरिया ने बताया कि डबरा तहसील के बिलौआ क्षेत्र में स्थापित क्रेशर से निकलने वाले वाहनों की गत 10 सितम्बर से लगातार और 24 घंटे जाँच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मौजूदा सितम्बर माह में विभाग द्वारा समस्त करों को मिलाकर 3 करोड़ 5 लाख रूपए से अधिक का राजस्व वसूला है। विभाग द्वारा बरती गई सतर्कता की वजह से सितम्बर माह में 9 हजार 255 वाहनों से ईटीपी (इलेक्ट्रोनिक ट्रांजिट पास) के माध्यम से खनिज पदार्थों का परिवहन हुआ है। इसी तरह पिछले अगस्त माह में खनिज विभाग द्वारा 9072 वाहनों के लिये ईटीपी जारी कर समस्त करों सहित लगभग 3 करोड़ 18 लाख 62 हजार से अधिक राजस्व प्राप्त किया गया है।
प्रदेश भर में ग्वालियर जिले में अवैध परिवहन के खिलाफ सर्वाधिक प्रकरण दर्ज किए गए
प्रभारी जिला खनिज अधिकारी श्री प्रदीप भूरिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में खनिज विभाग द्वारा अवैध परिवहन के 170 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जो मध्यप्रदेश में सर्वाधिक हैं। इसी कड़ी में विभाग द्वारा अवैध उत्खनन के 26 प्रकरण एवं अवैध खनिज भंडारण के 40 प्रकरण बनाकर प्रदेश में दूसरा स्थान बनाया है।
