जनशिक्षा केंद्र स्तरीय शैक्षिक संवाद का उन्मुखीकरण डाइट मुरैना में सम्पन्न
(मुरैना) नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार प्रत्येक सप्ताह के शनिवार को कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के क्षमतावर्धन के उद्देश्य से शैक्षिक संवाद का आयोजन किया जाता हैं। इसी क्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) मुरैना में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन डाइट प्राचार्य डॉ एस एस तोमर के निर्देशन में प्रवक्ता पंकज शर्मा व निपुण प्रोफेशनल दुर्गेश सिंह द्वारा किया गया। जिसमें सभी 64 जनशिक्षा केंद्र से आएं 260 प्रतिभागियों का उन्मुखीकरण किया गया। शैक्षिक संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जिले के सभी प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षकों के क्षमतावर्धन में सकारात्मक सहयोग मिलेगा एवं पूरे जिले से 7800 शिक्षकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। जिससे उन्हें अपने कक्ष के बच्चों को और बेहतर तरीके से पढ़ाने में सहयोग मिलेगा। शैक्षिक संवाद में कक्षों को तीन समूहों में बांटा गया है-1 व 2 कक्ष को पढ़ने वाले शिक्षकों का शैक्षिक संवाद द्वितीय शनिवार को, कक्षा 3 से 5 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों का शैक्षिक संवाद तृतीय शनिवार व चौथे शनिवार को कक्षा 6 से 8 को पढ़ाने वाले शिक्षकों का शैक्षिक संवाद आयोजित होगा। जनशिक्षा केंद्र स्तरीय शैक्षिक संवाद में जनशिक्षक सहजकर्ता की भूमिका में होंगे वहीं दो प्राथमिक व एक माध्यमिक शिक्षक सह सहजकर्ता की भूमिका में होंगे। राज्य, जिले व खण्ड स्तर पर प्रत्येक शैक्षिक संवाद का निरीक्षण किया जायेगा। उन्मुखीकरण के निरीक्षण में जिला एफएलएन प्रभारी दुर्गेश सिंह ने पहुंच कर समस्त प्रतिभागियों से बात करते हुए उन्हें शैक्षिक संवाद के प्रमुख उद्देश्य को बताते हुए पीयर लर्निंग कम्युनिटी को सक्रिय करने की बात पर विशेष बल दिया। ऐसा करने से एक शिक्षक अपने साथी शिक्षक के प्रयासों से बहुत कुछ बेहतर सीख सकता है। जिला परियोजना समन्वयक हरीश तिवारी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए सभी प्रतिभागियों को निर्देशित किया कि शैक्षिक संवाद का उद्देश्य अकादमिक गतिविधियों को और बेहतर करना है। इसलिए सभी इसको अच्छे से सभी जनशिक्षा स्तर पर कराएं। कार्यक्रम में जिला शिक्षा केंद्र से सह समन्वयक (आकादमिक) हीरेंद्र सिंह तोमर व समस्त खण्ड के बीआरसी मौजूद रहे।
