कलेक्टर ने टीएल बैठक में की समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा
(खरगोन) कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने समय सीमा संबंधी प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, एसडीएम श्री बीएस कलेश एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उपस्थित थे।
बैठक में सर्वप्रथम सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान 100 दिन एवं 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिन विभागों की शिकायतें ’सी’ एवं ’डी’ केटेगिरी में हैं वे उन शिकायतों का संतुष्टि के साथ निराकरण कराएं और ’ए’ केटेगिरी में आने का प्रयास करें। अधिकारियों की लापरवाही के कारण जिले की ग्रेडिंग प्रभावित होने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी गई।
बैठक में सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि समर्थन मूल्य पर सोयाबीन उपार्जन के लिए पंजीयन कराने वाले किसानों का शीघ्रता से सत्यापन करें। सत्यापन कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों से समर्थन मूल्य पर सोयाबीन की खरीदी 25 अक्टूबर से प्रारंभ होगी और 31 दिसंबर तक चलेगी। समर्थन मूल्य पर सोयाबीन की खरीदी का व्यापारी एवं बिचौलिये लाभ न उठा सके और इसकी कालाबाजारी रोकने के लिए निर्देशित किया गया कि जिले में स्थित समस्त प्रायवेट गोदाम एवं मंडी वेयर हाउस के गोदामों से संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार एवं एसडीएम की अनुमति के बगैर उनमें रखा सोयाबीन ना निकाला जाए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि रबी सीजन के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज का भण्डारण रखें। किसानों के लिए उर्वरक एवं खाद की कमी नहीं होना चाहिए। किसानों को डीएपी के स्थान पर एनपीके उर्वरक, नैनो यूरिया एवं नैना डीएपी का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क, मध्य प्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वर्षा ऋतु के दौरान सड़कों पर हुए गड्ढो को भरने एवं मरम्मत का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें।
बैठक में बताया गया कि आगामी 16 नवंबर को झिरन्या में संभाग स्तरीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाना है। इस शिविर के लिए सभी आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। आगामी त्यौहारों के दौरान लगने वाली फटाखा दुकानों के संबंध में निर्देशित किया गया कि फटाखा दुकान शहर से बाहर लगाई जाए और उनमें सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। सभी सीएमओ एवं तहसीलदार की जिम्मेदारी होगी कि फटाखा दुकानों में फायर सेफ्टी के पूरे इंतजाम रहे। सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि थोक फटाखा विक्रेताओं के गोदामों की भी जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि गोदाम रिहायसी क्षेत्र में न हो। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि मिठाई एवं खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों एवं दुकानों की सतत जांच करें और उनसे मिठाई, मावा, दुध एवं अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजें।
