समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में चयनित विषयों से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत करायें – कलेक्टर

समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित

(सीधी)  समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में चयनित विषयों से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि इस माह से पुनः समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है, जिसके लिए विषयों का चयन कर लिया गया है। सभी अधिकारी समाधान ऑनलाइन में चयनित विषयों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण कराया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि अन्य शिकायतों का भी निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करायें। अन अटेन्डेड तथा निम्न गुणवत्ता से बंद शिकायतों की संख्या न्यूनतम होनी चाहिए। बजट के अभाव के कारण लंबित शिकायतों को छोड़कर शेष सभी शिकायतों का शतप्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करायें।दीपावली के त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने पटाखों के विक्रय के लिए स्थल चिन्हांकित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पटाखों के गोदाम, भंडारण स्थल आदि के निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय के रोकने के लिए खाद्य सामग्रियों की सतत जांच करने और सैम्पल लेने के निर्देश दिए गए हैं।

रीवा-सीधी-सिंगरौली नई रेल लाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने भू-अर्जन से संबंधित सभी कार्यवाहियां अभियान चलाकर तीन दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने अवार्ड वितरण से संबंधित सभी मामलों में भुगतान की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अवार्ड से संबंधित सभी भूमियों में खसरे में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।

जन सुरक्षा अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का होगा आयोजन

भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत पात्र नागरिकों को सुरक्षा प्रदान किए जाने हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। 15 अक्टूबर 2024 से 15 जनवरी 2025 तक ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित की जायेगी। कलेक्टर ने विभागीय समन्वय के साथ शिविरों का आयोजन करने तथा सभी नागरिकों को बीमा योजना के विषय में जागरूक कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जनजातीय बहुल गांवों और आकांक्षी जिलों में जनजातीय परिवारों के लिए परिपूर्णता लक्ष्य को अपनाकर जनजातीय समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार हेतु प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान को मंजूरी दी। उक्त अभियान के तहत सीधी जिले के 134 जनजातीय बहुल गांव लाभान्वित होंगे। विकासखंड कुसमी के 37, मझौली के 24, सिहावल के 14, सीधी के 48 तथा रामपुर नैकिन के 11 गांव लाभान्वित होंगे। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान का उद्देश्य भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सामाजिक बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका में महत्वपूर्ण अंतराल को भरना और पीएम जनमन (प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान) की सीख और सफलता के आधार पर जनजातीय क्षेत्रों एवं समुदायों का समग्र और सतत विकास सुनिश्चित करना है। इस मिशन में 25 कार्यक्रम शामिल हैं, जिन्हें 17 मंत्रालयों द्वारा कार्यान्वित किया जाएगा। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त को संबंधित विभागों से समन्वय कर लक्ष्य की प्राप्ति के निर्देश दिए हैं।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमन राज, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, सिहावल एसपी मिश्रा, मझौली आर पी त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें