जिला स्तरीय जैव विविधता क्विज का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 01 मुरैना में किया गया
(मुरैना) जिला स्तरीय जैव विविधता क्विज 2024 का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 01 मुरैना में किया गया। इसमें प्रातः 10 से 11ः30 तक टीमों का पंजीयन हुआ, जिसमें एक विद्यालय से तीन विद्यार्थी की टीम में कुल 62 टीमों ने लिखित परीक्षा में भाग लिया। मुरैना जिले से कुल 74 टीमों ने पंजीयन कराया था। दोपहर 12ः30 से 1ः30 तक 1 घंटे में लिखित परीक्षा का आयोजन हुआ, जिसका मूल्यांकन शाम 4 तक किया गया। इसी बीच भाग लेने वाली सभी टीमों को भोजन कराया गया और सायं 04 बजे से पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर वन मंडल अधिकारी श्री स्वरूप दीक्षित, वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रीमती श्वेता त्रिपाठी एवं उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश शांडिल्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे। जिला क्विज मास्टर श्री बी.बी. शर्मा ने जैव विविधता पर अपने विचार रखे। वन मंडल अधिकारी श्री स्वरूप दीक्षित ने कहा कि एक मधुमक्खी यदि समाप्त हो जाए तो कुछ वर्षों में हमारा जीवन भी समाप्त हो जाएगा। इसलिए हम सबको इस पर्यावरण में जीवित प्रत्येक जीव का संरक्षण एवं पालन करना चाहिए। परीक्षा परिणाम में प्रथम स्थान पर सीएम राइज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सबलगढ़ से कृष्णा गुप्ता, अंकेश रावत, ऋषित सिंह रावत रहे। इनके मार्गदर्शी शिक्षक श्री अनिल शुक्ला थे। द्वितीय स्थान पर अशासकीय किडीज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सबलगढ़ से वंश शर्मा, आयुष प्रजापति, कुमारी तनु गर्ग रही, इनके मार्गदर्शी शिक्षक श्री दुर्गेश सिंह सेंगर। तृतीय स्थान पर अशासकीय सांदीपनि विद्यापीठ सबलगढ़ से श्री अनंत गुप्ता, अनमोल सिंघल, काव्य गर्ग, इनकी मार्गदर्शी शिक्षिका श्रीमती रेणुका बंसल थी। कार्यक्रम के अंतमें विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश शांडिल्य ने सभी विजेता टीम एवं सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होनें कहा कि यहां आकर परीक्षा में सम्मिलित होना भी अपने आप में एक विजेता ही है। मैं इस कार्यक्रम को संपन्न करने पर हमारे विद्यालय के उच्च माध्यमिक शिक्षक डॉक्टर राकेश कुमार शर्मा को भी बधाई देता हूं कि उनके द्वारा इस कार्यक्रम को संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का संचालन क्विज मास्टर श्री राकेश कुमार शर्मा द्वारा किया गया। मूल्यांकन कार्य में श्री योगेंद्र कुमार शर्मा एवं श्री संदीप सिंह तोमर की महत्वपूर्ण योगदान रहा। वन विभाग की ओर से श्री रवि शर्मा रेंज असिस्टेंट मुरैना, संतोष सिंह कुशवाह वनपाल, धर्मेंद्र सिंह सिकरवार रेंज असिस्टेंट, शैलेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह आदि का विशेष सहयोग रहा।
