कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं और शिकायतें, निराकरण के दिए निर्देश

 कलेक्टर कार्यालय मंे आयोजित हुई जनसुनवाई

(शहडोल) कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के सोन सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ केदार सिंह ने शहडोल जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी तथा निराकरण के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए।  जनसुनवाई में जिले के ग्राम पंचायत खन्नौधी निवासी श्रीमती पिंकी बैगा पति श्री गोविंद प्रसाद बैगा ने आवेदन देकर बताया कि मेरे नाम से पीएम जनमन आवास स्वीकृत हुआ था। जिसके तहत मुझे मकान बनाने हेतु कुछ किस्तें प्राप्त हुई थीं लेकिन  मजदूरी की किस्त नहीं प्राप्त हुई है। उनका कहना था कि उन्हें पीएमजनमन आवास की मजदूरी की किस्त दिलाई जाए। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवेदन प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जनपद पंचायत जयसिंहनगर के ग्राम पंचायत देवरा निवासी श्री भगवानदास शर्मा ने आवेदन देकर बताया कि मै एवं मेरा परिवार कच्चे मकान में निवास करते हैं तथा मकान की स्थिति भी काफी जर्जर है। उन्होनें बताया कि मैं शासन के मापदण्डों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना की पत्रता में आता हूं। मैंने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए कई बार ग्राम पंचायत में आवेदन भी दिया है, जिसके बाद भी मुझे आज तक आवास योजना का लाभ नहीं दिलाया गया। उनका कहना था कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग की ओर आवेदन प्रेषित करते हुए निर्देश दिए कि मामले की जांच कर आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। जनसुनवाई में श्री रामदास चौधरी निवासी ग्राम चांपा तहसील सोहागपुर ने आवेदन देकर बताया कि मेरे नाम से विद्युत हेतु सिगल फेज का कनेक्शन है। जिसमें मेरे द्वारा की गई खपत से ज्यादा बिजली बिल आता है। जिसका भुगतान करने हेतु मैं असमर्थ हूं। उनका कहना था कि उनके बिलजी बिल में सुधार किया जाए तथा मीटर में भी सुधार किया जाए,जिससे खपत के अनुसार ही बिजली बिल आए। जिस पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग की ओर आवेदन प्रेषित  कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।     इसी प्रकार कलेक्टर ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान शहडोल जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए अन्य लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी तथा निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।   जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री आर. अंजली, डिप्टी कलेक्टर श्री भागीरथी लहरे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें